विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस नेता ओमपाल सूर्यवंशी छह साल के लिए निष्कासित, खैर में सपा से दावेदारी करने पर कार्रवाई

Published: Wed, 18 Nov 2026 09:34 AM (IST)

कांग्रेस ने खैर विधानसभा सीट से सपा के बैनर तले दावेदारी करने पर जिला पंचायत सदस्य ओमपाल सूर्यवंशी को छह ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. ओमपाल सूर्यवंशी कांग्रेस से छह साल के लिए निष्कासित।

  2. सपा के बैनर तले खैर सीट से कर रहे थे दावेदारी।

  3. अनुशासनहीनता और दोहरी राजनीतिक भूमिका का आरोप लगा।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। विधानसभा चुनाव में गठबंधन की राजनीति के बीच खैर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भीतर ही सियासी टकराव सामने आ गया है। वर्ष 2024 में उप चुनाव के दौरान रालोद छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए जिला पंचायत सदस्य ओमपाल सूर्यवंशी को छह साल के लिए निष्साकित कर दिया है। उन पर सपा के बैनर तले खैर विधानसभा सीट से दावेदारी कर अनुशासनहीनता करने व दोहरी राजनीतिक भूमिका निभाने का आरोप है।

इस कार्रवाई ने गठबंधन के भीतर खैर सीट पर दावेदारी को लेकर चल रही खींचतान भी सामने आ गई है। ये भी गौर करने वाली बात है कि गठबंधन में खैर सीट पर कांग्रेस ने दावेदारी की है।

सपा के होर्डिंग-बैनर लगाकर विधानसभा चुनाव की दावेदारी करने का आरोप

जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह ने बताया कि खैर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि ओमपाल सूर्यवंशी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा के होर्डिंग और बैनर लगाकर खैर विधानसभा क्षेत्र-73 से अपनी दावेदारी जता रहे हैं। इतना ही नहीं, वह खुद को सपा कार्यकर्ता के रूप में भी प्रदर्शित कर रहे हैं।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात का फोटो भी पोस्ट किया

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात का फोटो भी पोस्ट किया है। उनकी कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता अब तक बरकरार है। उन्होंने उपचुनाव से पहले लखनऊ में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। बतौर जिलाध्यक्ष उन्होंने भी इसकी स्वीकृति दी थी। इसके बाद से उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया। करीब एक साल से व्यस्तता का हवाला देकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठकों से भी दूरी बनाए हुए थे।

जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह बोले-पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा तक नहीं दिया

जिलाध्यक्ष ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर भी ओमपाल सपा के बैनर तले आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। तीज-त्योहारों पर सपा के नाम से शुभकामना संदेश भी जारी कर रहे हैं। गठबंधन अपनी जगह है, लेकिन किसी दूसरी पार्टी के मंच और बैनर से राजनीतिक गतिविधियां चलाना अनुशासनहीनता है। इसी आधार पर उन्हें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता सहित पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है।

यह भी पढ़ें- सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारा बढ़ाएगा राजनीतिक गर्माहट: 'पंजे' ने खोले ‘पत्ते’, कोल-इगलास-खैर पर दावेदारी से फंसेगा पेंच

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ एसएसपी नीरज जादौन का बड़ा एक्शन: 8 सब इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदले, 21 पुलिस लाइन भेजे

कार्रवाई से प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद को भी अवगत करा दिया गया है। इस संबंध में ओमपाल सूर्यवंशी से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन फोन उनके सहयोगी ने उठाया। उन्होंने बात कराने में असमर्थता जताई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।