विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारा बढ़ाएगा राजनीतिक गर्माहट: 'पंजे' ने खोले ‘पत्ते’, कोल-इगलास-खैर पर दावेदारी से फंसेगा पेंच

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:28 AM (IST)

सपा-कांग्रेस गठबंधन में अलीगढ़ की कोल, इगलास और खैर विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी से राजनीतिक गर्माहट बढ़ गई ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. कांग्रेस ने अलीगढ़ की कोल, इगलास, खैर सीटों पर दावेदारी की।

  2. सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक गर्माहट बढ़ी।

  3. गठबंधन की सीटों पर दिल्ली में आज होगा महत्वपूर्ण मंथन।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सपा और कांग्रेस के गठबंधन में सीटों का बंटवारा राजनीतिक गर्माहट बढ़ा सकता है। अलीगढ़ की सात विधानसभा सीटों में से तीन-कोल, इगलास और खैर पर कांग्रेस ने अपनी दावेदारी कर चुनावी समीकरणों को रोचक बना दी है। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव का गणित सपा के पक्ष में दिखाई देता है।

पांच सीटों पर सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि अकेले चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस अधिकांश सीटों पर तीसरे और चौथे स्थान तक ही सिमट गई थी। ऐसे में सवाल है कि कांग्रेस की दावेदारी के आगे सपा कितना समझौता करेगी। कांग्रेस की दावेदारी गठबंधन की गांठ को कमजोर न कर दे। 

कांग्रेस का प्रदर्शन रहा बेहद कमजोर

पिछले विधानसभा चुनाव में सपा का रालोद से गठबंधन था। बरौली और इगलास सीट रालोद के खाते में गई थीं। बरौली में भाजपा के ठा. जयवीर सिंह ने एक लाख 47 हजार 948 मत पाकर जीत दर्ज की थी। बसपा के नरेंद्र शर्मा 75 हजार 339 मतों के साथ दूसरे और रालोद के प्रमोद गौड़ 32 हजार 781 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। कांग्रेस के गौरांगदेव चौहान को महज 2,359 मत मिले थे।

इगलास में भाजपा के राजकुमार सहयोगी एक लाख 27 हजार 209 मत पाकर विजयी हुए थे। रालोद के बीरपाल 68 हजार 46 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। बसपा के सुशील कुमार को 37 हाजर 980 और कांग्रेस की प्रीति को मात्र 7,797 मत मिले थे। इस तरह कांग्रेस की कमजोर स्थिति को सपा इगलास में अपनी पुरानी दावेदारी का आधार बन सकती है।

कोल सीट पर होगी सबसे ज्यादा खींचतान

कांग्रेस ने यूं तोे तीन सीटें मांगी हैं, इसमें कोल सीट पर दावेदारी सपा का चुनावी गणित बिगाड़नी वाली है। पिछली बार यहां भाजपा के अनिल पाराशर ने एक लाख आठ हजार 67 मत पाकर जीत दर्ज की थी। सपा के अज्जू इशहाक महज 5,028 मतों के अंतर से हारकर दूसरे स्थान पर रहे। बसपा के मो. बिलाल को 23 हजार 16 और कांग्रेस के विवेक बंसल को 15 हजार 550 मत मिले थे। सपा के लिए यह सीट मजबूत मुकाबले वाली रही है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक विवेक बंसल की दोबारा दावेदारी से सीट बंटवारे का मामला पेचीदा हो सकता है। कांग्रेस नेता जियाउद्दीन राही समेत कई अन्य नेता भी इस सीट से अपनी दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के भीतर भी टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा कम नहीं है।

कोल में वरिष्ठ नेता विवेक बंसल की दावेदारी से आसान नहीं होगी सहमति

खैर सीट पर भी दोनों दलों के बीच सहमति बनाना चुनौती हो सकता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के अनूप प्रधान ने एक लाख 39 हजार 643 मत पाकर जीत हासिल की थी। बसपा की चारू केन 65 हजार 302 मतों के साथ दूसरे और सपा-रालोद गठबंधन के भगवती प्रसाद 41 हजार 644 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। कांग्रेस प्रत्याशी मोनिका को केवल 1,514 मत मिले थे।

सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान के आसार

हालांकि, वर्ष 2024 के उपचुनाव में कांग्रेस गठबंधन के आधार पर इस सीट पर अपना दावा मजबूत मान रही है। उपचुनाव में भाजपा के सुरेंद्र दिलेर ने एक लाख 181 मत पाकर जीत दर्ज की थी, जबकि बसपा छोड़कर सपा में आईं चारू केन को 38 हजार 393 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस इसी चुनाव में गठबंधन के प्रदर्शन को अपनी दावेदारी का आधार बना रही है।

यह भी पढ़ें- 'डबल इंजन वालों की काशी में हुई डबल हार', आगरा में दलित महासम्मेलन में अखिलेश यादव ने भरी हुंकार

दिल्ली में मंथन आज

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह और जिला संगठन उपाध्यक्ष जियाउद्दीन राही का कहना है कि कोल, इगलास और खैर में पार्टी के पास मजबूत प्रत्याशी हैं। सीटों का अंतिम फैसला दोनों दलों के वरिष्ठ नेता करेंगे। मंगलवार को दिल्ली में इस संबंध में मंथन होना है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि सपा अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन को प्राथमिकता देती है या गठबंधन की मजबूती के लिए समझौता करती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।