Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: उत्तर प्रदेश के इस जिले में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, सोच-समझकर ही खरीदें प्लॉट-मकान

    By Surjeet Singh Edited By: Aysha Sheikh
    Updated: Fri, 09 Feb 2024 03:48 PM (IST)

    Aligarh News एडीए के उपाध्यक्ष अतुल वत्स शहर में हो रहे अवैध निर्माण पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उपाध्यक्ष का कहना है कि अभियान चलाकर अवैध निर्मा ...और पढ़ें

    Hero Image
    यूपी के इस जिले में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, सोच-समझकर ही खरीदें प्लॉट-मकान

    जागरण संवाददाता, अलीगढ़।  दिल्ली-एनसीआर की निकटता के चलते अलीगढ़ में विकास की अपार संभावनाएं हैं। एडीए (अलीगढ़ विकास प्राधिकरण) ने भी इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए विकास की रूपरेखा तैयार की है। जल्द नई आवासीय योजना लांच होने वाली है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में गुरुवार को पाठक के सवाल पर यह जवाब एडीए के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने दिया। एक घंटे के कार्यक्रम में सबसे ज्यादा सवाल शहर में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर पूछे गए। उपाध्यक्ष ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा, अभियान चलाकर अवैध निर्माण ढहाए जाएंगे। लोग भी सोच समझकर ही प्लाट, फ्लैट्स मकान खरीदें। अवैध निर्माण में कतई खरीद न करें।

    • आवासीय क्षेत्रों में फैक्ट्रियां चल रही हैं। कई जगह हादसे भी हो चुके है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। - तैयव नासिर, बाबरी मंडी

    - यह मामला गंभीर है। आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं तो नोटिस देकर कानूनी कार्रवाई होगी।

    • शहर में 80 प्रतिशत से अधिक अवैध निर्माण हैं। प्रमुख चौराहों पर भी दुकान और बहुमंजिला भवन खड़े हो गए हैं। - महेश चंद्र, कनवरीगंज

    - अवैध निर्माण को लेकर एडीए सख्त है। अवैध निर्माण की जांच कराकर कार्रवाई होती है। विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

    • शहर में जाम की गंभीर समस्या है। प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा ने अतिक्रमण कर रखा है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। - सुरेश चंद्र, रेलवे रोड

     - एडीए भी शहर में पार्किंग विकसित करने की योजना बना रहा है। सीलिंग की जमीन को मुक्त कराकर पार्किंग बनाई जाएगी।

    • महायोजना के इंतजार में निर्माण कार्य रुका हुआ है। कब तक नई महायोजना लागू हो सकती है। - अवधेश, सराय रहमान

    - स्थानीय स्तर से महायोजना को शासन में भेजा चुका है। अगले सप्ताह तक लागू होने की उम्मीद है।

    • आगरा रोड पर स्टार हाइट अपार्टमेंट के सामने वाले पार्क में अवैध निर्माण कर लिया है। इसकी जांच होनी चाहिए। - हरिओम शर्मा, निवासी आगरा रोड

    -निश्चित ही यह गंभीर मामला है। इसकी जांच कराकर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    • क्यामपुर बिजलीघर के पीछे बिना नक्शे ही निर्माण कर लिया गया है। शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। - मनोज कुमार रामबाग कालोनी

    - क्षेत्रीय अभियंताओं से जांच कराई जाएगी। इसका शिकायती पत्र एडीए कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।

    • मेरी जमीन खैर रोड पर प्रस्तावित आवासीय योजना में आ रही है। मैं इसका बैनामा एडीए के नाम कैसे कर सकता हूं। - देवेंद्र सिंह, जिरौली डोर

     - जिरौली डोर पर एडीए की ओर से तेजी से काम किया जा रहा है। बड़ी संख्या में बैनामा हो चुके हैं। सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा बंट रहा है।

    • मुझे अपने घर का नक्शा पास कराना है। पूरी प्रकिया क्या रहेगी। कितना खर्च आएगा? - रवेंद्र, तालसपुर

    - सबसे पहले एक बार नक्शे से जुड़े सभी दस्तावेज लेकर एडीए आइए। यहां नक्शे से जुड़ी जानकारी मिलेगी। खर्च भी नक्शे के भूउपयोग व क्षेत्रफल से तय होगा।

    दैनिक जागरण के प्रमुख सवाल

    नई महायोजना 2031 में मौजूदा महायोजना के मुकाबले क्या बदलाव होगा?

    यह महायोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। नई महायोजना से शहर के भू उपयोग में बडा़ बदलाव आएगा। नए क्षेत्रों में विकास कार्यों के नक्शे पास हो सकेंगे। शहर के प्रमुख मार्ग रामघाट रोड का भू उपयोग भी स्ट्रीट बाजार के रूप में विकसित होगा। औद्योगिक व आवासीय क्षेत्र भी बढ़ेगा।

    ट्रांसपोर्ट नगर में आवंटियों को कब्जा कब मिलेगा। बाकी प्लाट का आवंटन कैसे होगा?

    एडीए तेजी से निर्माण कार्य करा रहा है। सौ करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली का काम चल रहा है। जून तक आवंटियों को बैनामा के साथ कब्जा मिलना शुरू हो जाएगा। अभी इस योजना में करीब ढाई सौ प्लाट शेष हैं। इन्हें नीलामी से बेचा जाएगा।

    एडीए की आगामी योजनाएं क्या हैं। लोगों को आवास उपलब्ध कराने के लिए क्या प्रयास हो रहे है?

    मैंने जब कार्यभार ग्रहण किया था, तब एडीए का लैंडबैंक शून्य था। अब लोगों को बेहतर आवास व अच्छा माहौल देने के लिए खैर रोड पर ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना विकसित की जा रही है। इसमें 330 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना है। 70 हेक्टेयर भूमि अधिगृहीत हो चुकी है। भविष्य में एडीए अनूपशहर रोड और आगरा रोड पर भी आवासीय कालोनी लेकर आएगा।

    डेढ़ साल में हुआ बड़ा परिवर्तन, आगे और बदलेगी स्थिति

    मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत निवासी 2016 बैच के आइएएस अधिकारी अतुल वत्स ने सितंबर 2022 में विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यभार ग्र्रहण किया था। इन्होंने यहां डेढ़ साल से भी कम समय में काफी विकास कराया है। ग्रेटर अलीगढ़ के रूप में नई आवासीय योजना की नींव रख दी है।

    ट्रांसपोर्ट नगर में डेढ़ हजार से अधिक प्लाट के आवंटन की प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से कराया। एडीए कार्यालय का भी मरम्मतीकरण से चेहरा-मोहरा बदल दिया है। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस हो चुका है। अवैध निर्माण पर भी सख्त प्रहार किया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में रिकार्ड तोड़ अवैध निर्माण ध्वस्त हुए हैं।