Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: अलीगढ़ में भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज होने के विरोध में कोतवाली घेरी, दो घंटा तक धरना-प्रदर्शन

    Updated: Mon, 11 Nov 2024 07:20 AM (IST)

    Aligarh Update News अलीगढ़ में भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय पर रंगदारी के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के विरोध में कार्यकर्ता भड़क गए। गिरफ्तारी देने कोतवाली पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और थाने का घेराव कर दिया। करीब दो घंटे तक चले धरने के बाद सीओ के समझाने पर भाजपाई शांत हुए। भाजपा नेताओं को समझाने में पुलिस के पसीने छूट गए।

    Hero Image
    कोतवाली नगर में धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों से बात करते सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय व अन्य। - जागरण।

    जागरण संवाददाता, अलीगढ़। Aligarh News: भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय पर रंगदारी में मुकदमा पंजीकृत होने के विरोध में रविवार देर शाम कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया। बड़ी संख्या में भाजपाई गिरफ्तारी देने के लिए कोतवाली नगर पहुंचे और हंगामा करते हुए घेराव किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस दौरान कोतवाली में प्रवेश के दौरान पुलिस से जमकर नोकझोंक व धक्कामुक्की हुई। इसके बाद भाजपाई थाने के अंदर धरने पर बैठ गए। यहां पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए पुलिस पर गलत कार्रवाई करने का आरोप लगाया। करीब दो घंटे बाद सीओ के समझाने पर शांत हुए।

    तुर्कमान गेट हड्डी गोदाम चौराहा के जतिन की तहरीर पर पुलिस ने विनय के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया था। इसमें आरोप था कि 28 अक्टूबर को जतिन गाड़ी से टकराकर गिर गए थे। तभी विनय वार्ष्णेय ने आकर जातिसूचक शब्द बोले और प्रतिमाह 20 हजार रुपये गाड़ी के डीजल के लिए मांगे। पलायन की भी धमकी दी। जबकि इससे पहले विनय के गनर की ओर से इस प्रकरण में मुकदमा पंजीकृत कराया जा चुका है। इसके चलते देर शाम भाजपाई बाबरी मंडी स्थित विनय वार्ष्णेय के आवास पर एकत्रित हुए।

    नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कोतवाली पहुंचे

    विनय के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कोतवाली पहुंचे और गिरफ्तारी देने पर अड़ गए। इसे देखते हुए देहलीगेट, रोरावर, सासनीगेट, बन्नादेवी, गांधीपार्क आदि थानों का पुलिस बल बुला लिया गया। पुलिसकर्मियों ने भाजपाइयों को समझाने का प्रयास किया, मगर एक न सुनी।

    इसके बाद सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय आए, जिनकी विनय से तीखी नोकझोंक हो गई। कहा कि पुलिस ने कुछ दिन पहले एक युवक पर झूठा मुकदमा लिख दिया, जिसे बुरी तरह पीटा गया था। इसी तरह बाबरी मंडी के लोगों पर फर्जी मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस दबाव बनाने के लिए गलत मुकदमे पंजीकृत कर रही है।

    डीजल डलवाने के साक्ष्य दिखाए

    हंगामा करते हुए भाजपाई थाने में घुसे और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। विनय ने सीसीटीवी फुटेज के अलावा बैंक खातों की डिटेल भी दी। डीजल डलवाने के साक्ष्य दिखाए। कहा कि मेरे गनर के साथ बदतमीजी की गई थी। इसका मुकदमा पंजीकृत है। आरोपित ने तीन बार तहरीर बदली। तरह-तरह के आरोप लगाए।

    इस मामले में लगातार फैसले का दबाव बनाया जा रहा था। न करने पर झूठा मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। काफी देर वार्ता के बाद सीओ की ओर से दो दिन में मुकदमा खत्म करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद भाजपाई शांत हुए।

    Read Also: Agniveer Bharti: सेना में भर्ती होने का सुनहरा मौका, सहारनपुर में 24 दिसंबर से पांच जनवरी तक 13 जिलों की होगी रैली

    ये रहे मौजूद

    इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, संजय गोयल, भाजयुमो महानगर मंत्री हर्षद हिंदू, गौरांग तिवारी, बंटी सरदार आदि मौजूद थे।

    थाने के सामने फड़ लगाने का भी विरोध

    भाजपाइयों ने थाने के सामने फड़ लगाने का विरोध किया। कहा कि इसके चलते पूरा रास्ता संकरा हो गया। आपातकालीन स्थिति में पुलिस भी यहां से नहीं निकल सकती। पुलिस रुपये लेकर फड़ लगवा रही है।  

    ये भी पढ़ेंः Agra News: देवदूत बनी 112 पीआरवी, पति की मदद के लिए कार में रो रही पत्नी; सिपाहियों ने तत्काल मदद कर बचाई जान