अलीगढ़ लिंचिंग घटना संसद में उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे... सांसद चंद्रशेखर ने घायलों को दिया न्याय का भरोसा
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने अलीगढ़ में मीट कारोबारियों के साथ मारपीट की घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि सरकार की छूट के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने घायलों से अस्पताल में मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। आजाद ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे। उन्होंने सरकार को गरीबों के प्रति असंवेदनशील बताया।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। वो कारोबारी थे। कागजों के साथ इसका सुबूत भी दे रहे थे। मगर, भीड़ में मौजूद अराजकतत्वों ने उनकी नहीं सुनी। सरकार की छूट का यह नतीजा है। लिंचिंग का यह मामला संसद में उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे। नाराजगी के साथ यह बात भीम आर्मी चीफ और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कही।
अलहदादपुर स्टेडियम के पास शनिवार को मीट कारोबारियों के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद सोमवार को शहर में थे। उन्होंने जेएन मेडिकल कॉलेज जाकर घायलों से मुलाकात भी की। उनसे पूरे घटनाक्रम को जाना। उनके स्वजन से भी मिले। उनको न्याय दिलाने और उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इसी मामले को लेकर एटा चुंगी बाईपास पर उन्होंने प्रेस वार्ता भी की।
सांसद ने कहा, कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। सरकार की छूट की वजह से ऐसा हो रहा है। गरीबों और कमजोरों पर अत्याचार हो रहा है। गरीब की बेटियों और जमीन पर सामंतियों की नजर है। कई प्रकरण आ चुके हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वह हमेशा गरीबों के साथ हैं और आगे भी उनके लिए लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मीट कारोबारियों पर हमला किया गया। यह केवल उन पर हमला नहीं है बल्कि लोकतंत्र पर हमला है।
कारोबारियों के पास थे सबूत
सांसद चंद्रशेखर ने कहा, कि कारोबारियों के पास जायज कार्य का सुबूत था, लेकिन फिर भी उनके साथ गलत व्यवहार किया गया। यदि संदेह था तो कानूनी तरीका अपनाया जा सकता था। सजा देने के लिए कोर्ट है, कोई किसी को ऐसे कैसे प्रताड़ित कर सकता है? पार्टी इसका पूर जोर विरोध करती है। न्याय नहीं मिला तो पार्टी आंदोलन भी करेगी। हमारी पर्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं रहेगी और न्याय दिलाकर ही रहेगी। संसद में यह मुद्दा सरकार के सामने लाया जाएगा।
चुनाव पर की चर्चा
इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद पार्टी के काेर कमेटी के सदस्य व पूर्व मंत्री चौ. महेंद्र सिंह के संयोजन में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश मौर्य से वर्ष 2027 में होने वाले आम विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तोड़ के साथ सेक्टर से लेकर बूथ कमेटी के गठन, संगठन की समीक्षा की। यहां सांसद आजाद ने कहा कि चौ. महेंद्र सिंह व उनके सवजन के साथ मारीपीट की गई। पुलिस ने आरोपितों के दवाब में आकर पीड़ितों के विरुद्ध ही रिपोर्ट दर्ज कर ली। गरीब, दबेकुचलों के साथ अन्याय हाे रहा है। उनकी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता हो चुकी है। फर्जी मुकदमा वापस किए जाएंगे। इस अवसर पर कोरकमेटी के सदस्य सत्यपाल सिंह चाैधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पीड़ितों ने उन्हें शिकायती पत्र भी दिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।