अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आठ साल में बदल गई छात्र राजनीति की पीढ़ी, आज चुनेगी नया नेतृत्व
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आठ साल बाद छात्रसंघ चुनाव हो रहे हैं, जिसमें 20742 विद्यार्थी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव सहित ...और पढ़ें

HighLights
आठ साल बाद हो रहे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव।
20742 विद्यार्थी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव का करेंगे चयन।
20 दिन के आंदोलन के बाद चुनाव की घोषणा हुई।
जागरण संवाददाता अलीगढ। आठ साल का इंतजार, 20 दिन का आंदोलन और लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार वह दिन आ गया है, जब अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ की नई तस्वीर सामने आएगी। गुरुवार को होने वाले चुनाव में 20742 विद्यार्थी अपने मताधिकार का प्रयोग कर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव समेत यूनियन के पदाधिकारियों का चयन करेंगे। सुबह नौ बजे से मतदान शुरू होगा। शाम सात बजे से मतगणना होगी।
इसके बाद देर रात तक परिणाम आने की उम्मीद है। वर्ष 2018 में हुए चुनाव के बाद विश्वविद्यालय से हजारों विद्यार्थी पढ़ाई पूरी कर जा चुके हैं और उनकी जगह नई पीढ़ी ने ले ली है। चुनाव में यह भी साफ होगा कि जेन-जी की सोच क्या है, वो किस तरह की यूनियन चाहते हैं। अध्यक्ष के नौ, उपाध्यक्ष के सात, सचिव के तीन प्रत्याशियों के अलावा कैबिनेट के 46 और कोर्ट मेंबर के 68 प्रत्याशी मैदान में हैं।
एएमयू में वर्ष 2018 के बाद से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। यूनियन की बहाली की मांग को लेकर छात्र हर साल प्रदर्शन करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोरोना संक्रमण के चलते वर्ष 2020 और 2021 में भी चुनाव नहीं हो सके। इसके बाद से छात्र लगातार चुनाव कराने की मांग उठा रहे थे। इस बार छात्र चुनाव कराने की मांग पर आर-पार की लड़ाई के मूड में थे।
यूनियन बहाली को लेकर विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के डक पांड पर 20 दिन तक धरना दिया। छात्र यासिर फहद भूख हड़ताल पर बैठ गए। इससे आंदोलन को लगातार समर्थन मिलता गया। धरने के दौरान छात्रों के बीच मारपीट भी हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसमें एक पूर्व छात्र को जेल जाना पड़ा। इसके बावजूद आंदोलन थमा नहीं।
आखिरकार दबाव के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने नौ अक्टूबर को छात्रों की मांगें मानते हुए छात्रसंघ चुनाव कराने की घोषणा कर दी। 29 अक्टूबर को नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया था। तीन नवंबर को हुई अंतिम भाषण प्रतियोगिता में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशियों ने अपनी बात रखकर मतदाताओं को साधने की कोशिश की।
अब गुरुवार को मतदान के जरिये प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। चुनाव के लिए विश्वविद्यालय की 13 फैकल्टी में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर कई बूथ होंगे। वीमेंस कालेज में भी छात्राओं के मतदान की व्यवस्था की गई है। बुधवार देर रात तक विश्वविद्यालय प्रशासन मतदान की तैयारियों में जुटा रहा। प्रत्याशी भी आखिरी समय तक विद्यार्थियों से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते रहे। अब सबकी निगाहें मतदान और परिणाम पर टिकी टिकी हुई हैं।
पहली बार वोट डालकर चुनेंगे नई टीम
चुनाव को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। मौजूदा विद्यार्थियों के लिए यह पहला छात्रसंघ चुनाव है। नई पीढ़ी के सामने छात्र राजनीति के पुराने अनुभव कम हैं, लेकिन उनकी अपेक्षाएं और मुद्दे अलग हैं। ऐसे में प्रत्याशियों के सामने चुनौती केवल चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि नई पीढ़ी का भरोसा हासिल करने की भी है।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी
अध्यक्ष पद पर मो. जुहैर अहमद (एमटेक), आमिना इरशाद (पीएचडी), मो. इंतखाब (पीएचडी), अब्दुल वहीद (पीएचडी), मो. नौमान अशरफ (पीएचडी), सरजील इकबाल (पीएचडी), साहिल खान (पीएचडी), सरजील मोहम्मद खान (पीएचडी) और असमर फरीदी (एमए) अधिकृत प्रत्याशी हैं।
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी
मोहम्मद सादान (पीएचडी), सैयद अयान अहमद (बीएएलएलबी), अशफाक हुसैन (पीएचडी), अयमान हफीज खान (एमएससी), नशरा नईम (बीएएलएलबी), साकिब अली खान (एमटेक) और इरफा खान (एमए)।
सचिव पद के प्रत्याशी
अहमद फराज राजी (पीएचडी), मो. हमदान (बीटेक) और मो. आवैस (बीएससी)।
वीमेंस कालेज के चुनाव पर भी नजर
एएमयू के वीमेंस कालेज की यूनियन के लिए भी मतदान होगा। इस पर भी सभी की नजर है। अध्यक्ष पद पर आयशा जमाल, रुकैया खान, अनम रियाज, तमन्ना मुजफ्फर, मरियम नाज, तहुरा शकील, उपाध्यक्ष पद पर सानिया सिराज, शमा फातिमा, आयशा खान और मरियम फातिमा चुनाव लड़ रही हैं। सचिव पद पर जोया रहमान, मरियम जान, सानिया खान, रुकैया खातून और ज़ैनब मैदान में हैं।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ से बुलंदशहर तक फैला रखा था खौफ का साम्राज्य, ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एनकाउंटर के बाद किया गिरफ्तार
मतगणना एबीके गर्ल्स स्कूल में
एएमयू के जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, मतगणना एबीके गर्ल्स स्कूल में होगी। वहीं, कोर्ट मेंबर पद के प्रत्याशियों की मतगणना फैकल्टी में की जाएगी। इसके लिए पूरी व्यवस्था कर ली गई है।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय पहुंचा इंडोनेशियाई दूतावास का प्रतिनिधिमंडल, शैक्षणिक सहयोग पर चर्चा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।