Miyawaki Method : प्रदेश में नजीर बनेंगे मियावाकी पद्धति से विकसित अलीगढ़ के अमृत उद्यान
Miyawaki Method नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ने अलीगढ़ नगर निगम की ओर से विकसित अमृत उद्यान की सराहना की और कहा कि मियावाकी पद्धति से विकसित किए जा रहे ये उद्यान प्रदेश में नजीर बनेंगे। वे पांच जुलाई को यहां आये थे तो पौधराेपण किया था।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। प्रदेश सरकार के 100 दिन की उपलब्घियां गिनाने सोमवार को यहां पहुंचे नगर विकास व ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा ने नगर निगम की ओर से विकसित Amrit Udyan की सराहना की। कहा, Miyawaki Method से विकसित ये उद्यान प्रदेश में नजीर बनेंगे। खाली भूखंडों से कचरा साफ कर उद्यान लगाना अच्छी पहल है।
जल्द पूरी होगी अचल सरोवर की महत्वाकांक्षी योजना
circuit house में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि पांच जुलाई को यहां आए थे तो सारसौल स्थित ईशानगर कालोनी स्थित पार्क में पौधारोपण किया था। नगर निगम ने इस पार्क में मियावाकी पद्धति से पौधारोपण कराया था। नादा पुल मार्ग पर दो स्थानों पर भी पौधे लगाए गए थे। निगम अधिकारियों ने यहां साफ-सफाई कराकर अमृत उद्यान विकसित कराया। इन स्थानों पर पहले काफी कचरा जमा रहता था। नगर निकायों में ऐसे काफी भूखंड होंगे, जहां कचरा जमा रहता है। इनकी साफ-सफाई कराकर अमृत उद्यान लगाने चाहिए। स्मार्ट सिटी रो निर्माणाधीन अलीगढ़ हैबिटेट सेंटर, अचल सरोवर महत्वाकांक्षी परियोजना हैं, जो जल्द ही पूरी होंगी।
ये है मियावाकी तकनीक
जापानी वनस्पति वैज्ञानिक और पर्यावरण विशेषज्ञ डी. अकीरा मियावाकी ने पौधारोपण की इस अनोखी विधि को खोजा था। इस तकनीक में पौधों को एक दूसरे से दो से ढाई फीट की दूरी पर लगाया जाता है, जिससे पौधे पास-पास उगते हैं और सूर्य की किरणें सीधे धरती तक नहीं पहुंच पाती हैं। रोशनी न मिलने से पौधों के आसपास जंगली घास नहीं उगती और मिट्टी में नमी बनी रहती है। पौधों के ऊपरी भाग को ही सूर्य की रोशनी से कि ये ऊपर की दिशा में बढ़ते हैं। मियावाकी तकनीक से पौधे दो साल में 20 फीट तक बढ़ जाते हैं। कम जगह में अधिक से अधिक पौधे लग जाते हैं।
योगी सरकार में अवैध तंत्र स्वीकार नहीं
मंत्री ने प्रदेश में अवैध मदरसों के सवाल पर कहा कि योगी सरकार में अवैध तंत्र स्वीकार नहीं है। नगरीय जीवन को गुड से ग्रेट बनाने का काम कर रहे हैं। अगले पांच साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डालर की होगी। ऊर्जा उत्पादन करने की इकाइयों की उत्पादन क्षमता पिछले साल 66 प्रतिशत थी, अब 80 हो गई है। अलीगढ़ में 6.58 लाख लोगों को निश्शुल्क राशन उपलब्ध कराया। प्रदेश में 12,530 करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान किया। अलीगढ़ में 484.69 लाख का भुगतान हुआ है। दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के लिए 602 करोड़ रुपये की व्यवस्था की। अलीगढ़ में 31299 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण किया गया। धार्मिक स्थलों से ध्वनि प्रदूषक 74,385 लाउड स्पीकर हटाए, इनमें 215 अलीगढ़ के हैं।
अमृत योजना के तहत तालाबों का निर्माण कार्य प्रगति पर
अलीगढ़ में 2.42 लाख सिलेंडर वितरित किए, 9.92 करोड़ की संपत्तियां जब्त कीं, स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 8,600 टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित हुए, ओडीओपी योजना में 2,439 लोगों को प्रशिक्षित किया, अमृत सरोवर योजना के तहत 177 तालाबों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रेसवार्ता में डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसएसपी कलानिधि नैथानी, नगर आयुक्त गौरांग राठी, सीडीओ अंकित खंडेलवाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, पीडी डीआरडीए भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त आदि उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री का स्वागत
कैबिनेट मंत्री का भाजपाइयों ने स्वागत किया। एमएलसी मानवेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य अनीता जैन, बृज प्रांत उपाध्यक्ष श्योराज सिंह, राजीव शर्मा आदि भाजपा नेताओं ने उन्हें बुके भेंट किए। भारतीय क्रांतिकारी वाल्मीकि युवा मोर्चा के संजीव वाल्मीकि, सफाई कर्मचारी नेता बिल्लू चौहान ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत कर ज्ञापन दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।