International Girl Child Day 2022 : हर क्षेत्र में भेदभाव खत्म कर अलीगढ़ की बेटियों ने छुए सफलता के आसमाऩ
Aligarh News आज हर क्षेत्र में लड़कियां आगे आ रही हैं। शिक्षा हो गया खेल का मैदान हर जगह उन्होंने अपनी अहमियत दिखायी है। अलीगढ़ की खिलाड़ी बेटियां राष्ट्रस्तर पर नाम रोशन कर रही हैं। ये बेटियां देशके लिए पदक जीतने की उम्मीद लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। International Girl Child Day 2022 : बेटियों ने हर क्षेत्र में आगे बढ़कर भेदभाव खत्म करने का काम किया है। शिक्षा का क्षेत्र हो या खेल का, व्यापार हो या समाजसेवा हर कहीं बेटियों ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। बेटियां अपनी मेहनत से सफलता का आकाश छू रही हैं। अलीगढ़ की खिलाड़ी बेटियां राष्ट्रस्तर तक पर नाम रोशन कर रही हैं। निशानेबाजी में शगुन चौधरी नाम चमका रही हैं तो स्केटिंग में दीपिका पाठक गिनीज बुक से लेकर एशियन बुक तक में रिकार्ड दर्ज कराकर नाम रोशन कर रही हैं। ये बेटियां देश के लिए पदक जीतने की उम्मीद लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
नन्हे हाथों में थाम ली पिस्टल
मेलरोज बाईपास निवासी शगुन चौधरी की उम्र अभी 14 वर्ष है। एक साल पहले 13 वर्ष की उम्र में इन्होंने हाथों में पिस्टल थाम ली। शूटिंग की 10 मीटर एयर पिस्टल विधा अपने गुरु वेदप्रकाश शर्मा से सीखनी शुरू की। अभी वे डीपीएस से हाईस्कूल कर रही हैं। पढ़ाई के साथ शूटिंग में भी समय देती हैं। शगुन ने बताया कि वे दो राज्यस्तरीय शूटिंग प्रतियोगिताएं खेल चुकी हैं। सितंबर 2022 में हुई दिल्ली स्टेट में छठवीं व इसी वर्ष बागपत में हुई स्टेट चैंपियनशिप में पांचवीं रैंक हासिल की। उनका बेस्ट स्कोर 400 में 377 का है। 14 अक्टूबर 2022 में दिल्ली में हो रही नार्थजोन शूटिंग चैंपियनशिप में भी खेलने जाएंगी। वे अपने माता-पिता की इकलौती बेटी हैं। पिता नीरज कुमार व मां नमृता चौधरी उनको शूटिंग में आगे बढ़ाने के लिए भरपूर सहयोग करते हैं।
यह भी पढ़ें : Rain In UP: यूपी में भारी बारिश और बाढ़ का कहर जारी, जिंदगियों पर मौत बन गिरी बिजली; 23 लोगों की गई जान
गिनीज बुक रिकार्डधारी स्केटर दीपिका
एटा बाईपास स्थित विनायका रेजीडेंसी निवासी 25 वर्षीय दीपिका पाठक स्केटिंग की महारथी हैं। लांग व शार्ट रेस में उनकी अच्छी पकड़ है। पिछले तीन वर्ष से कोच प्रदीप रावत से स्केटिंग सीख रही हैं। पांच जून 2022 को लगातार 96 घंटे स्केटिंग करके गिनीज बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराया है। 2021 में इंटरनेशनल बुक आफ रिकार्ड्स व एशियन बुक आफ रिकार्ड्स में भी नाम दर्ज करा चुकी हैं। दो जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण पदक जीते हैं। 2021 में हरियाणा में हुई स्टेट चैंपियनशिप में लांग व शार्ट रेस में रजत पदक जीते। सितंबर 2022 में शिमला में हुई नेशनल चैंपियनशिप में शार्ट व लांग रेस में दो स्वर्ण पदक प्राप्त किए। पिता लोकेश पाठक का देहांत हो चुका है। मां किरन शर्मा बिजनेस वूमैन हैं। दीपिका ब्लू बर्ड स्कूल में फिजिक्स की शिक्षिका भी हैं। जाब करते हुए जिम्मेदारी निभाने के साथ खेल में जी-जान से मेहनत कर रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।