अलीगढ़ में चुनाव से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 हजार से अधिक अपराधी पाबंद
अलीगढ़ पुलिस ने विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 36,578 लोगों को पाबंद किया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कार्रवाई।
अलीगढ़ में 36,578 लोगों को अब तक किया गया पाबंद।
यक्ष एप पर अपराधियों का आपराधिक इतिहास, गतिविधियां दर्ज।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने ऐसे लोगों की घेराबंदी तेज कर दी है, जिनसे चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका है। अब तक 36,578 लोगों को पाबंद किया जा चुका है। पुलिस इस आंकड़े को करीब दोगुना करने की तैयारी में है। सत्यापन के दौरान करीब 150 लोग अपने दर्ज पते पर नहीं मिले हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
एसएसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार, चुनाव में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट सिपाही गांव-मुहल्लों में जाकर भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। वर्तमान पता, गतिविधियां और पुराने आपराधिक मुकदमों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। चिह्नित लोगों को नोटिस भेजने के साथ मुचलका पाबंद भी किया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई में 247 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट व 1,574 के खिलाफ धारा 110जी के तहत कार्रवाई की गई है। तीन या इससे अधिक मुकदमों में जेल जा चुके और फिलहाल बाहर रह रहे लोगों का रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। पुराने विवादों में शामिल लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है। बड़े अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने और गैंग्सटर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
चिह्नित लोगों की निगरानी के लिए उनका ब्योरा यक्ष एप पर दर्ज किया जा रहा है। इसमें फोटो, पता, पुराने मुकदमे और मौजूदा गतिविधियों की जानकारी शामिल है। इससे बीट सिपाही से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति का रिकार्ड देख सकेंगे। करीब 150 लोगों के नहीं मिलने पर पुलिस उनके पुराने पते और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।