तीन बच्चों की मां ने तमंचा देकर प्रेमी से कराई पति की हत्या, खुद पहुंचा थाने और कही ये बात
अलीगढ़ के बरला में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर महिला ने प्रेमी से पति को गोली मरवा दी। बचाने आए मृतक के भाई पर भी हमला हुआ। हत्या के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना अपराध कबूल किया। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। प्रेम संबंधों में बाधक बने पति की तीन बच्चों की मां ने प्रेमी से गोली चलवाकर हत्या करा दी। बचाने आए युवक के बड़े भाई पर भी फायर किया। वह बाल-बाल बचा। महिला ने ही प्रेमी को तमंचा उपलब्ध कराया था। हत्यारोपित खुद थाने पहुंचा और बोला, मुझे गिरफ्तार कर लो...हत्या करके आया हूं। गुरुवार सुबह कस्बा बरला में हुई घटना से पुलिस सन्न रह गई। महिला के प्रेमी से दस वर्ष से संबंध थे। स्वजन ने उसे प्रेमी के साथ कई बार पकड़ा था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने महिला व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
बरला के मुहल्ला कोठी निवासी सुरेश गुरुवार सुबह नौ बजे मकान के बाहर बैठकर मोबाइल देख रहे थे। मुहल्ले का मनोज आया और तमंचे से सीने में गोली मार दी। आवाज सुनकर सुरेश के बड़े भाई विजय व पत्नी बीना घर से बाहर की ओर दौड़े। विजय भाई को बचाने के लिए झपटे तो बीना चिल्लाकर बोली, आज इसे नहीं छोड़ना है। मनोज ने तमंचे से दूसरी गोली चलानी चाही, लेकिन फायर नहीं हुआ। विजय ने बाट फेंककर मारा तो आरोपित ने तीसरा फायर किया।
गोली विजय के कान के करीब से निकलकर दीवार में लगी। कुछ छर्रे चेहरे पर लगे। शोर होने पर आरोपित भाग गया। सुरेश को छर्रा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया। मनोज पैदल थाने पहुंचा। मुंशी विष्णु से कहा, मैं हत्या करके आया हूं, गिरफ्तार कर लो। कमर में लगा तमंचा भी मेज पर रख दिया। इसके बाद इंस्पेक्टर अरुण पंवार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्वजन के कहने पर बीना को हिरासत में लिया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि मनोज को तमंचा उसने ही दिया था। तमंचा कहां से लेकर आई, ये नहीं बता पाई। विजय ने बताया कि एक वर्ष पहले मायके से बीना को मनोज भगाकर ले गया था। बाद में लौट आई थी।
32 वर्षीय सुरेश दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड थे। तीन दिन पहले ही आए थे। गुरुवार को दिल्ली जाना था। फिरोजाबाद के थाना रैपुरा के बीच का नगला निवासी बीना से सुरेश की 14 साल पहले शादी हुई थी। दो बेटा व एक बेटी है। बड़ा बेटा दस साल का है। सुरेश के घर से कुछ दूर पर रहने वाले मनोज से बीना के दस साल से संबंध थे। मनोज को दो-तीन बार घर व होटल में सुरेश के भाई विजय ने पकड़ा था। थाने भी ले गए। पत्नी कह देती कि मैंने बुलाया था। पुलिस बिना कार्रवाई के छोड़ देती।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।