Aligarh News : लगातार दूसरे महीने अलीगढ़ मंडल अव्वल, आइजीआरएस पोर्टल पर जिले की रैंकिंग 32 अंक सुधरी
Aligarh News जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण के मामले में जिले की रैंकिंग में सुधार हुआ है। दो महीने की रिपोर्ट में अलीगढ़ का 32 स्थानों का सुधार हुआ है। अगस्त की रैंकिंग में जिले को प्रदेश भर में 69वां स्थान मिला था।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। Aligarh News : आइजीआरएस यानी जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर जिले की रैंकिंग में दो महीने में 32 स्थानों का सुधार आया है। अगस्त की रैकिंग में जिले को प्रदेश भर में 69वां स्थान मिला था लेकिन अक्टूबर की रैकिंग में 37वां नंबर आया है। डीएम की सतत निगरानी व बेहतर दिशा- निर्देशन से यह कामयाबी मिली है। अलीगढ़ मंडल सितंबर के बाद अक्टूबर में भी लगातार दूसरी बार प्रदेश भर में पहले नंबर पर कायम है।
शासन स्तर से होगी है निगरानी
केंद्र व प्रदेश सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए आनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस) पोर्टल संचालित कर रखा है। इस पर मुख्यमंत्री, डीएम, संपूर्ण समाधान दिवस, मंडलायुक्त संदर्भ, उप मुख्यमंत्री, शासन, राजस्व विभाग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, एसएसपी समेत अन्य बड़े अफसर व विभागों की शिकायत दर्ज होती हैं। शासन स्तर से इसकी निगरानी होती है। हर महीने शिकायत निस्तारण की रैंकिंग जारी होती है। प्रदेश भर के सभी मंडल व जिले इसमें भाग लेते हैं। अगस्त की रैंकिंग में जिले को प्रदेश भर में 69वां स्थान मिला था। इस पर शासन स्तर पर काफी किरकिरी हुई थी।
सीएम ने भी जतायी थी नाराजगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने खुद निगरानी शुरू की। अफसरों के साथ लगातार तीन-चार बैठकें की। सभी को शिकायत निस्तारण के बारे में विस्तार से बताया। एडीएम सिटी विवेक चतुर्वेदी व ईडीएम मनोज राजपूत को भी डिफाल्टर शिकायत पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी। अफसरों से निस्तारण के लिए सीधे बातचीत की।
मिला 37वां स्थान
अब शासन स्तर से अक्टूबर की रैंकिंग जारी कर दी गई। इसमें जिले को 37वां स्थान मिला है। पिछले दो महीने के मुकाबले 32 रैंकिंग का सुधार हुआ है। माह के अंत तक इस बार कोई शिकायत डिफाल्टर नहीं थी। निस्तारण की गुणवत्ता भी ठीक थी। फीडबैक में जिले को 30 में से 30 नंबर मिले हैं। पूरे महीने में कुल 6266 शिकायतों के निस्तारण का लक्ष्य था। इनमें से 5693 शिकायतों के निस्तारण को प्राप्त कर लिया गया। सितंबर में जिले का 59वां स्थान था।
मंडल टाप पर है कायम
सितंबर की तरह अक्टूबर में भी आइजीआरएस शिकायतों की जनसनुवाई में अलीगढ़ मंडल प्रदेश भर में टाप पर कायम है। मंडलायुक्त गौरव दयाल के प्रयासों से शिकायतों के गुणवत्तापरक निस्तारण में मंडल को सौ प्रतिशत नंबर मिले हैं। मंडल के अन्य जिलों में एटा 30, हाथरस 37 व कासगंज 71वें स्थान पर है।
इनका कहना है
आइजीआरएस शिकायत निस्तारण में कुछ सुधार हुआ है लेकिन अभी इसे टाप 10 तक ले जाना है। सभी अफसरों को गुणवत्तापरक निस्तारण बनाए रखना है। नवंबर महीने की रैंकिंग में और अधिक सुधार आएगा।
- इंद्र विक्रम सिंह, डीएम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।