महिला के छत से कूदने से लिए उकसाया, इंटरनेट पर वीडियो और ऑडियो ने फैलाई सनसनी
अलीगढ़ के दमकौली गांव में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है जहाँ एक महिला को छत से कूदने के लिए मजबूर किया गया। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है और एक ऑडियो में महिला के पिता उस पर चरित्रहीनता का आरोप लगा रहे हैं। पीड़िता के भाई ने ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, गौंडा । थाना क्षेत्र के गांव दमकौली में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। हाल ही में महिला को छत से कूदने के लिए मजबूर किए जाने की घटना सामने आई थी। घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें पीड़िता के छत से नीचे कूदने के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं।
वहीं, एक आडियो भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसमें महिला के पिता अपनी ही बेटी पर चरित्रहीनता का आरोप लगाते हुए उसे डांटते सुनाई दे रहे हैं। यह आडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि दैनिक जागरण ओडियो की पुष्टि नहीं करता है।
छत से कूदी महिला
मंगलवार को गांव दमकौली में अर्चना घर की छत से कूद गई थी। उसके गंभीर चोटें आई हैं। महिला के भाई खैर के गांव शाहपुर के अंकित कुमार ने ससुरालीजन पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पति सोनू, ससुर प्रेमपाल सिंह, सास नेहनी देवी, जेठ प्रमोद कुमार व जेठानी दुर्गेश देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
उसका कहना था कि ससुरालीजन ने बहन को छत से कूदने के लिए उकसाया है। बुधवार को पीड़िता को जिला अस्पताल से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में तत्काल गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
गांव दमकौली में एक महिला के छत से कूदने का प्रकरण संज्ञान में आया है। महिला का अपने पति से विवाद था। पति द्वारा उकसाने पर महिला छत से कूदी है। उसका उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। -महेश कुमार, सीओ, इगलास
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।