पांच करोड़ की लागत से यूपी के इस शहर की बदले वाली है सूरत, एक बड़ी समस्या का हो जाएगा समाधान
अलीगढ़ में पेयजल समस्या से निपटने के लिए नगर निगम जलकल विभाग 5 करोड़ रुपये की लागत से 13 नए नलकूप स्थापित करेगा। इस योजना में नौ बड़े और चार मिनी नलकूप शामिल हैं। इसका उद्देश्य शहर में पानी की खपत को पूरा करना और ऊंचे स्थानों पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। देर आए दुरुस्त आए। ये मुहावरा नगर निगम के जलकल विभाग पर चरितार्थ हो रहा है। शहर की जनता को भविष्य में पेयजल की किल्लत न हो इसके लिए पांच करोड़ रुपये की लागत से 13 नलकूप लगाने का काम किया जाएगा। इसमें नौ बड़े नलकूप व चार मिनी नलकूप शामिल हैं।
अगर ये काम बीते ठंड के मौसम में ही कर लिया जाता तो भीषण गर्मी में जनता को पेयजल का संकट न झेलना पड़ता। अब जलकल विभाग ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। इनको लगाने के लिए स्थान का चिह्नांकन भी शुरू कर दिया गया है।
जलकल विभाग के सहायक अभियंता पुष्पेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक मिनी नलकूप के निर्माण पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं एक बड़ा नलकूप लगभग 45 लाख रुपये की लागत से लगेगा। नौ बड़े नलकूपों पर चार करोड़ पांच लाख रुपये और चार मिनी नलकूपों पर लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये खर्च होंगे।
5.25 करोड़ रुपये से शहर की जनता को पर्यापत मात्रा में जल उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा। कहा कि नगर निगम सीमा विस्तार और भीषण गर्मी के कारण पानी की खपत भी बढ़ी है। ऊंचे स्थानों पर बने मकानों में फोर्स के पास पानी पहुंचाने में इन नलकूपों से मदद मिलेगी।
ओवरहेड टैंक पूरे भरेंगे तो पर्याप्त आपूर्ति की जा सकेगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। ठेकेदार फर्म को निर्देश भी दिए जाएंगे कि स्थानों के चयन में भूजल स्तर, आबादी को ध्यान में रखा जाए।
शहर में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए पहले ही नगर निगम ने मिनी ट्यूबवेल लगवाए गए हैं। गर्मी में कई क्षेत्रों में समस्या सामने आई। भविष्य में ऐसा न हो इसके लिए नए नलकूप लगाने का काम कराया जा रहा है। -प्रशांत सिंघल, मेयर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।