Aligarh Municipal Corporation : संपत्ति कर से पांच साल का एरियर हटाने पर बनी सहमति, बोर्ड अधिवेशन में होगी घोषणा
Aligarh Municipal Corporation बीते कई दिनों से संपत्ति कर को लेकर मंथन चल रहा है। इसका बड़े स्तर पर विरोध भी हो रहा था। अंतत भाजपा पार्षदों व नगर निगम के अफसरों के बीच हुए मंथन के बाद पांच साल का एरियर हटाने पर सहमति बनी है।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। Aligarh Municipal Corporation : संपत्ति कर के एरियर पर उठा विवाद गुरुवार को बोर्ड अधिवेशन में निपट जाएगा। नगर निगम अफसरों ने भाजपा पार्षदों के साथ लंबे मंथन के बाद संपत्ति कर से पांच साल का एरियर हटाने पर सहमति जता दी है। इसकी अधिकारिक घोषणा board meeting में की जाएगी। पार्षद दल इसका प्रस्ताव सदन में पेश करेगा। जिस पर सर्वसम्मति से मुहर लगनी है। नगर निगम अब संशोधित दरों के साथ ही संपत्ति कर वसूलेगा। इसमें छूट भी मिलेगी, जो 20 प्रतिशत तक हो सकती है।
2013 में बढ़ी थी संपत्ति कर की दरें : नगर निगम ने 2013 में संपत्ति कर की दरें बढ़ाई थीं। विरोध के चलते ये लागू न हो सकीं। 2017 में सर्किल रेट के आधार पर दरें बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई, लेकिन निगम अधिकारी इसे पूरी तरह लागू न कर सके। गिने-चुने करदाता ही संशोधित दरों के साथ बिल जमा करने लगे। नगर निगम ने जनरल सर्वे होने के बाद संशोधित दरों को पूरी तरह लागू करने की शर्त रख दी। करदाताओं पर बकाया चढ़ता रहा। लेकिन, इसे बिल में नहीं दर्शाया गया। general survey पिछले साल हुआ था।
अब निगम अधिकारी एरियर के रूप में पांच साल का बकाया दर्शाकर बिल वसूल रहे हैं। इसको लेकर विरोध शुरू हो गया। भाजपा पार्षद तो विरोध कर ही रहे थे, मेयर, सांसद और विधायकों ने भी आपत्ति जता दी। व्यापारी वर्ग सड़कों पर आ गया। सभी का यही कहना है कि 2017 में बढ़ाई गईं दरें तभी लागू की जातीं। जनरल सर्वे अब हुआ है, संशोधित दरों पर hearing of objections अब हो रही है तो पांच साल का बकाया करदाता क्यों दें। इस वित्तीय वर्ष या आगामी वित्तीय वर्ष से नई दरें लागू कर संपत्ति कर लिया जाए। विरोध के चलते बैकफुट पर आए नगर निगम अफसरों ने एरियर हटाने पर सहमति जता दी है। भाजपा पार्षदों के साथ बुधवार को भी अफसरों ने बैठक की। अब बोर्ड अधिवेशन की प्रतीक्षा, जिसमें एरियर हटाने की घोषणा की जानी है।
एरियर का करेंगे विरोध : बारहद्वारी स्थित भाजपा कार्यालय पर बुधवार को पार्षदों की बैठक हुई। उपसभापति डा. मुकेश शर्मा ने कहा कि अधिवेशन में एरियर का पुरजोर विरोध किया जाएगा। बैठक में भाजपा महानगर डा. विवेक सारस्वत, मुख्य सचेतक दिनेश गुप्ता, पार्षद संजय पंडित, वीरेंद्र सिंह, वैभव गौतम, डा. दिनेश शर्मा, कुलदीप पांडेय, लतेश चौधरी, अनिल सेंगर आदि मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।