विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ में बड़ी कार्रवाई, जमालपुर नाला पर बने 21 मकान बुलडोजर से किए ध्वस्त

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:20 AM (IST)

अलीगढ़ में नगर निगम ने पुलिस बल के साथ जमालपुर नाले पर अवैध रूप से बने 21 दो-तीन मंजिला मकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से की गई, साथ ही तस्वीर महल रोड से भी अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और जुर्माना वसूला गया।

जमालपुर नाला के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को क्रेन से ढहाती नगर निगम की टीम। सौ. नगर निगम

जमालपुर नाला के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को क्रेन से ढहाती नगर निगम की टीम। सौ. नगर निगम

HighLights

  1. जमालपुर नाले पर 21 अवैध मकान ध्वस्त किए गए।

  2. नगर निगम ने पुलिस बल के साथ की कड़ी कार्रवाई।

  3. तस्वीर महल रोड से भी अतिक्रमण हटाकर जुर्माना वसूला।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जमालपुर नाले पर अवैध तरीके से बनाए गए दो-तीन मंजिला मकानों पर सोमवार को नगर निगम का बुलडोजर चला। नगर निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए 21 भवनों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

निगम की टीम ने पैमाइश करते हुए अतिक्रमणों पर लाल निशान भी लगाए। इनको खुद हटा लेने की चेतावनी भी दी। अन्यथा नगर निगम फिर कार्रवाई करेगा।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त तपस्या यादव, प्रवर्तन दल व पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। इसके अलावा तस्वीर महल चौराहा से नौरंगीलाल राजकीय इंटर कालेज तक अस्थायी अतिक्रमणों को भी ढहाया गया।

अस्थायी अतिक्रमणों को ढहाया, 22,500 रुपये जुर्माना वसूल किया

जमालपुर नाला के पास अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा ये कदम उठाया गया है। पिछले दिनों नगर आयुक्त द्वारा जमालपुर नाले व आस-पास के क्षेत्र में निरीक्षण किया गया था। इसमें स्थानीय पार्षद व नागरिकों द्वारा नाले पर स्थायी निर्माण कर कब्जा किए जाने की शिकायत की गई थी।

नाला के ऊपर बने मकानों को खुद हटाने का नोटिस भी दिया गया

नगर आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में टीम भेजकर पैमाइश कराई गई व अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिया गया था। 21 भवनों के अतिक्रमण चिह्नित कर उसे खुद हटाने के लिए बोला गया था। मगर किसी ने कदम आगे नहीं बढ़ाए। तब सोमवार को नगर निगम ने पुलिस के सथ मिलकर बलपूर्वक अतिक्रमण ढहाने का काम किया है। बताया कि तस्वीर महल रोड पर सोमवार को अतिक्रमण व गंदगी करने वालों पर भी नगर निगम ने कार्रवाई की। फुटपाथ किनारे काउंटर, ढकेल व तिरपाल लगाकर अतिक्रमण करने वालों पर 22,500 रुपये जुर्माना लगाया गया।

यह भी पढ़ें- पुलिस झंडा दिवस पर अलीगढ़ SSP नीरज जादौन ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ, DGP का संदेश सुनाया

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में दो नए डिप्टी एसपी तैनात, सीओ छर्रा महेश कुमार का कानपुर तबादला

तस्वीरमहल रोड पर नगर निगम ने अतिक्रमण हटवाकर दी चेतावनी

तस्वीर महल चौराहे से नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज तक सड़क किनारे किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। बताया कि दोनों क्षेत्रों में पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है। अगली बार किसी ने अतिक्रमण किया तो उनके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराने की कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी दी कि जो लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके सामान को नगर निगम जब्त करेगा और किसी भी दशा में जब्त सामान वापस नहीं किया जाएगा।

कार्रवाई के दौरान प्रभारी कर अधीक्षक उपेंद्र वर्मा, सफाई निरीक्षक केके सिंह, सुपरवाइजर शहजाद, प्रवर्तन दल प्रभारी एमपी सिंह आदि मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।