Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रेमिका से मिलने सरहद पार पहुंचा यूपी का युवक! पाक पुलिस ने किया अरेस्ट, वीडियो कॉल पर बोला- जहां पहुंचना था…

    बरला के युवक बादल बाबू को पाकिस्तान में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि फेसबुक पर एक महिला से उसकी दोस्ती हुई थी और वह उससे मिलने के लिए बिना वीजा के सीमा पार कर गया था। पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने उसे 27 दिसंबर को गिरफ्तार किया और 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

    By Sumit Kumar Sharma Edited By: Shivam Yadav Updated: Wed, 01 Jan 2025 01:59 AM (IST)
    Hero Image
    बादल बाबू का फाइल फोटो। सौ. परिजन

    संवाद सूत्र, अलीगढ़। बरला का एक युवक को पाकिस्तान में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। समाचारों की वेबसाइट्स पर दावा किया जा रहा है कि फेसबुक पर एक महिला से युवक की दोस्ती हुई थी। उससे मिलने के लिए युवक ने बिना वीजा के सीमा पार कर दी। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंगलवार को परिजनों को यह जानकारी मिली तो वह हैरान रह गए। उनका कहना है कि बेटा दिल्ली में नौकरी करता था। दीपावली से पहले बिना बताए वहां से कहीं चला गया था। 30 अक्टूबर को वीडियो कॉल आया। 15 मिनट बात हुई। उसने कहा कि जहां पहुंचना था, वहां पहुंच गया हूं। दोस्त के मोबाइल फोन से बात कर रहा हूं। जब अपना फोन लूंगा, तब बात करूंगा। इसके बाद से परिजनों का उससे कोई संपर्क नहीं हुआ।

    यह है पूरा मामला

    युवक का नाम बादल बाबू है, जो बरला के गांव खिटकारी का रहने वाला है। दावा है कि पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने उसे 27 दिसंबर को मंडी बहाउद्दीन इलाके से गिरफ्तार किया। वीजा या दस्तावेज मांगे तो वह नहीं दे सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। 

    ये भी दावा है कि उसने दो बार पहले भी सीमा पार करने की कोशिश की थी। मंगलवार को लोगों ने युवक के परिजनों को यह जानकारी दी। बादल के पिता कृपाल सिंह ने बताया कि उनकी एक बेटी व तीन बेटे हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। 

    बादल दूसरे नंबर का बेटा है। उसने क्षेत्र के ही स्कूल से 10वीं तक पढ़ाई की थी। कृपाल दिल्ली में रहकर धर्मपुरा गांधी नगर में रहकर पेंटिंग का काम करते थे तो करीब आठ वर्ष पहले बादल भी दिल्ली आ गया। वह एक निजी कंपनी में सिलाई का काम करता था। 

    इसी बीच वह दुबई जाकर कपड़ों का काम करने की बात कहने लगा, लेकिन परिजनों ने मना किया तो मान गया। दीपावली से 15 दिन पहले अचानक चला गया। 

    फोन करने पर बोला कि काम के सिलसिले में आया दूं। दीपावली पर आ जाऊंगा। फिर दीपावली से एक दिन पहले 30 अक्टूबर को वीडियो कॉल किया। कहा कि जहां आना था, वहां आ गया हूं। लेकिन, जगह नहीं बताई।

    वीडियो कॉल पर मां को दिखाया पैकिंग का काम

    मां गायत्री देवी को बेटे की चिंता सता रही है। बेटा आखिरी बार रक्षाबंधन पर आया था। फिर दिल्ली चला गया। वहां से कहां गया, पता नहीं। वीडियो काल पर बात की थीं। बोला कि मैं ठीक हूं। उसके साथ कुछ लड़के पैकिंग का काम कर रहे थे। 

    दोस्त ने कहा कि मेरी बदली हो सकती है। जब तक हूं। तब तक बादल से बात करा दूंगा। मुझे मैसेज मत करना। पैसे कटते हैं, लेकिन उसके बाद दोस्त के फोन पर भी संपर्क नहीं हो सका। हम इसी उम्मीद में थे कि बेटा लौटकर आएगा या स्वयं ही फोन करेगा।

    पिता ने कहा- मेरा बेटा ऐसा नहीं, सरकार वापस लेकर आए

    प्रेमिका से मिलने की बातों को पिता कृपाल सिंह को नकार दिया। कहा कि मेरा बेटा ऐसा नहीं है। उसे गलत फंसाया गया है। सरकार से अनुरोध है कि मेरे बेटे को सही-सलामत वापस लेकर आए। 

    उधर, बादल की गिरफ्तारी की खबर के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि युवक अपने करीबियों से कहता था कि उसकी एक महिला से दोस्ती है। वह उसी से शादी करेगा। यहां तक कि वह ये तक कह देता था कि उसे पाकिस्तान जा सकता है। कारण पूछने पर वह बातों को घुमा देता था। परिजनों ने इससे इनकार किया है।

    अगस्त में भी बॉर्डर पर पहुंचा था, जम्मू पुलिस ने बचाया

    पिता के अनुसार, अगस्त में बादल को दुबई जाना था। इसके लिए जम्मू से फ्लाइट थी। लेकिन, बरसात होने के चलते वह एयरपोर्ट पर देरी से पहुंचा। इसके चलते फ्लाइट छूट गई। वहां से वह पाकिस्तान बॉर्डर की तरफ चला गया था। एक व्यक्ति से मदद मांगी कि मुझे एक रात ठहरने दो। 

    इसी बीच पाकिस्तान पुलिस आ गई। वह उसे ले जाने लगी। तभी जम्मू के कटरा चौकी की पुलिस पहुंच गई और उसे अपने साथ ले आई। उनकी सूचना पर परिजन जम्मू पहुंचे और बादल को वापस लेकर आए। तब पिता ने बादल से पूछा भी था कि उसने ऐसा क्यों किया? लेकिन, उसने आगे से ऐसा न करने की बात कहकर टालमटोल कर दी।

    किसी से कोई आधिकारिक वार्ता नहीं हुई है। सोशल मीडिया से अलीगढ़ के युवक की पाकिस्तान में गिरफ्तारी की जानकारी मिली थी। इसकी पुष्टि कराई गई। युवक बरला के गांव खिटकारी का है। उसके परिजनों से बात की गई है। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद से उनकी बेटे से बात नहीं हुई। बेटे के पाकिस्तान में जाने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

    -अमृत जैन, एसपी देहात