Agra News: 37 गांवों में न्यू आगरा अर्बन सेंटर डेवलप करेगा YEIDA, 12154 हेक्टेयर भूमि में किया जाएगा विकसित
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) 37 गांवों में 12154 हेक्टेयर भूमि पर न्यू आगरा अर्बन सेंटर विकसित करेगा। ताज ट्रेपेजियम जोन में बनने वाले इस सेंटर में पर्यावरण का खास ध्यान रखा जाएगा। यहाँ 14.6 लाख लोगों के लिए सुविधाएं विकसित होंगी और 8.5 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यीडा ने मास्टर प्लान को स्वीकृति दे दी है।

जागरण संवाददाता, आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) 37 गांवों की 12,154 हेक्टेयर भूमि में न्यू आगरा अर्बन सेंटर विकसित करेगा। ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे पर विकसित किए जाने वाले न्यू आगरा अर्बन सेंटर में हरियाली पर विशेष ध्यान देने के साथ ही पर्यावरण अनुकूल उद्योग लगाए जाएंगे। इसमें 14.6 लाख लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उद्योग, व्यवसाय व पर्यटन से यहां 8.5 लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। न्यू आगरा अर्बन सेंटर के मास्टर प्लान को स्वीकृति मिल गई है।
यीडा ने पहले चरण में गौतम बुद्ध नगर व बुलंदशहर और दूसरे चरण में अलीगढ़, मथुरा के बाद आगरा में न्यू आगरा अर्बन सेंटर के विकास का खाका तैयार किया है। 12,154 हेक्टेयर भूमि में विकसित किए जाने वाले न्यू आगरा अर्बन सेंटर में 3,311 हेक्टेयर भूमि आवासीय और 2,082 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक रहेगी। इसके साथ ही व्यावसायिक और पर्यटन गतिविधियों के लिए भी भूमि आरक्षित रहेगी।
योजना में हरित भू-उपयोग 2,332 हेक्टेयर भूमि का निर्धारित किया गया है, जो कुल क्षेत्र का 18.18 प्रतिशत है। यहां कृषि, मैन्युफैक्चरिंग और आइटी आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, यह प्रदूषण नहीं करते हैं। न्यू आगरा अर्बन सेंटर में यमुना के किनारे पर मनोरंजन, पर्यटन व सेवा क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। यहां होटल, रिजोर्ट, कांफ्रेंस हाल, थीम पार्क, कन्वेंशन सेंटर आदि विकसित किए जाएंगे। थीम पार्क, म्यूजियम, डिजिटल जोन यहां होंगे।
न्यू आगरा अर्बन सेटर में यह गांव होंगे शामिल
पोइया, खेड़िया खंदौली, सराय डे रूप्पा, उजरई, मदनपुर, नादऊ, बहरामपुर, हसनपुर, हाजीपुर खेड़ा, धौरऊ, नगला तुलसी, बिहारीपुर, नयाबांस, नवलपुर, पर्बतपुर, सौरई, अगवारखास, धरेरा, गढ़ी बच्ची, नगला निशंक, नगला मनी, गढ़ी पृथ्वी, खैरानी, मुंडी जहांगीरपुर, अरेला, ऊंचा, पैंतखेड़ा, खंदौली, रामनगर खास, मलूपुर, नेकपुर, सेमरा, गजौली, कुबेरपुर, बुढ़िया का ताल, गुढ़ा, चौगान।
-----
यीडा के क्षेत्र में अधिसूचित हैं 58 गांव
यीडा के क्षेत्र में 58 गांव अधिसूचित हैं। इनमें 37 गांवों की भूमि पर न्यू आगरा अर्बन सेंटर विकसित किया जाएगा। कुछ गांवों को लेकर एडीए व यीडा के मध्य कागजी प्रक्रिया चल रही है। एडीए ने इस क्षेत्र को मास्टर प्लान के जोन सात में रखा है। इस क्षेत्र का जोनल प्लान भी अभी तैयार नहीं कराया जा रहा है।
न्यू आगरा अर्बन सेंटर: एक नजर
विवरण | विवरणांक |
---|---|
क्षेत्रफल | 12,154.66 हेक्टेयर |
जनसंख्या (2011 की जनगणना के अनुसार) | 1,38,060 |
गांव | 37 |
मुख्य भौतिक आकर्षण | यमुना, कारवां, दो प्रतिशत वन क्षेत्र |
मुख्य रोड | यमुना एक्सप्रेसवे, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग 509, 21, 2, एत्मादपुर रोड |
मुख्य भू-उपयोग | कृषि भूमि 49%, परती भूमि 17%, वृक्ष आच्छादित क्षेत्र 15% |
विकसित क्षेत्र | 6% |
न्यू आगरा में भू-उपयोग
भू-उपयोग: भूमि, प्रतिशत में क्षेत्र
आवासीय: 3,311.10 हेक्टेयर, 27.20 प्रतिशत
व्यावसायिक: 417.64 हेक्टेयर, 3.44 प्रतिशत
औद्योगिक: 2,082.50 हेक्टेयर, 17.13 प्रतिशत
पर्यटन: 623.91 हेक्टेयर, 5.13 प्रतिशत
मिश्रित उपयोग: 568.01 हेक्टेयर, 4.67 प्रतिशत
लाजिस्टिक: 144.99 हेक्टेयर, 1.19 प्रतिशत
पब्लिक व सेमी-पब्लिक: 8,94.91, 7.36 प्रतिशत
ट्रांसपोर्टेशन: 1,711.79 हेक्टेयर, 14.08 प्रतिशत
हरित: 2,332.94 हेक्टेयर, 18.18 प्रतिशत
वाटर बाडी: 71.87 हेक्टेयर, 0.59 प्रतिशत
कुल: 12,154.66 हेक्टेयर, 100 प्रतिशत
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।