अरे इस पर तो भूत−प्रेत का साया है... महिला को डर दिखाकर उतरवाए कुंडल, पूजा करने की बात बोलकर भाग गए टप्पेबाज
आगरा में ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक महिला को टप्पेबाजों ने भूत-प्रेत का डर दिखाकर कुंडल उतरवा लिए। महिला अपने दिव्यांग पति के साथ एत्मादपुर से लौट रही थी। ठगों ने उसे बातों में उलझाकर कुंडल उतरवा लिए और फरार हो गए। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

जागरण संवाददाता, आगरा। ट्रांस यमुना के भारद्वाज चौराहे पर शनिवार शाम बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने महिला से कुंडल उतरवा लिए। महिला को जब तक ठगी की जानकारी हुई, दोनों युवक फरार हो गए। महिला अपने दिव्यांग पति के साथ एत्मादपुर से आगरा आ रही थीं।
ट्रांस यमुना बी ब्लॉक में रहने वाली सीमा उपाध्याय दिव्यांग पति मनोज उपाध्याय के साथ शनिवार को एत्मादपुर से गई थीं। शाम चार बजे दंपती टेम्पो से वापस लौटे। इस बीच वहां बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचे और महिला को पास बुलाने लगे।
पीड़िता को बताया भूत का साया
परिचित समझकर महिला उनके पास चली गई। इस बीच मनोज घर चले गए। पीड़िता के अनुसार दोनों युवकों ने घर में भूत प्रेत का साया बताते हुए कहा कि इसी वजह से विकलांगता ठीक नहीं हो पा रही है। महिला टप्पेबाजों की बातों में आ गई। कुंडल उतरवाकर महिला के पर्स में रखकर टप्पेबाज उन्हें हाईवे स्थित सैयद तक पूजा अर्चना की बात कहकर ले गए।
भाग गए टप्पेबाज
इस बीच दोनों टप्पेबाज भाग खड़े हुए। पीड़ित महिला ट्रांस यमुना चौकी पर पहुंची और शिकायत की। चौकी प्रभारी ट्रांस यमुना सचिन कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ऑटो गैंग ने बनाया निशाना, सिकंदरा पुलिस मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी
सिकंदरा क्षेत्र में फैक्ट्री से लौट रहे युवक को ऑटो गैंग ने निशाना बना लिया। उसका मोबाइल छीन कर उसे चलते आटो से फेंक दिया। युवक के सिर में चाेट आई है। पुलिस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है। पीड़ित सुशील ने बताया कि वह सिकंदरा में छपाई फैक्ट्री में काम करते हैं। 18 सितंबर को वह फैक्ट्री से लौटते समय जपनाम अस्पताल के पास आटो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो वहां आकर रुका,उसमें पीछे की सीट पर तीन युवक बैठे थे।
ऑटो में बैठे युवकाें ने मारपीट कर दी
थोड़ा आगे चलने पर सूनसान रास्ता देख आटो में बैठे युवकों ने मारपीट कर जेब में रखा मोबाइल लूट लिया। उन्हाेंने विरोध का प्रयास किया तो आरोपितों ने चलते आटो से उन्हें फेंक दिया। उनके सिर में चोट लगी है। वारदात के बाद उन्होंने राहगीर की मदद से भतीजे अभिषेक और भाई दीपक को जानकारी दी। दोनों आकर उन्हें घर ले गए और मरहम पट्टी की। उन्हाेंने परिवार वालों के साथ आटो की तलाश की पर पता नहीं चल पाया।
इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी की रिकार्डिंग देखी जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।