Suicide Case in Agra: आगरा में पति को बचाने तालाब में कूदी पत्नी, दोनों की मौत
Suicide Case in Agra ताजगंज के गांव श्यामो की घटना पत्नी के बीच हुआ था विवाद। गुस्से में घर के पास बने तालाब में कूदे पति को बचाने गई थी पत्नी। दंपती की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। दंपती के करीब पांच महीने की बेटी है।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज के गांव श्यामो में शुक्रवार को खुदकशी करने के लिए तालाब में कूदे पति को बचाने के लिए पत्नी ने भी छलांग लगा दी। जानकारी होने पर पहुंचे पिता बेटे-बहू काे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े। ग्रामीणों के शोर मचाने पर जुटे गांव के लोगों ने पिता का सकुशल निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब पौन घंटे बाद पति और पत्नी को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना शाम करीब पौने सात बजे की है। गांव श्यामो निवासी छोटू मजदूरी करता था। उसकी उम्र करीब 28 साल थी। छोटू की अपनी पत्नी नीतू से किसी बात पर कहासुनी हो गई। जिससे क्षुब्ध होकर छोटू घर से निकल गया। उसने खुदकुशी करने के लिए घर के पास बने तालाब में छलांग लगा दी। पीछे से आ रही पत्नी नीतू ने पति को तालाब में कूदते देखा तो बचाने के लिए खुद भी छलांग लगा दी।
तालाब के पास मौजूद लोगों ने पति-पत्नी को छलांग लगाते देख इसकी जानकारी स्वजन को दी। पिता फतेह सिंह भी तालाब में कूद गए। ग्रामीणों ने फतेह सिंह को तत्काल सकुशल बाहर निकाल लिया। तालाब काफी बड़ा और गहरा होने के चलते पुलिस और ग्रामीणों ने पौन घंटे के प्रयास के बाद पति-पत्नी को बाहर निकाला। स्वजन दोनों को पास के अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ताजगंज उदयवीर सिंह के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। स्वजन दंपती के बीच हुए झगड़े का कारण नहीं बता सके।
दंपती डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
छोटे के पिता फतेह सिंह ने पुलिस को बताया कि दंपती की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। नीतू का मायका सदर के उखर्रा इलाके में है। दंपती के करीब पांच महीने की बेटी है। घटना की जानकारी होने पर नीतू के मायके वाले भी पहुंच गए।
तालाब में पहले भी कई लोग दे चुके हैं जान
गांव वालों के अनुसार तालाब में पहले भी कई लोग अपनी जान दे चुके हैं। वहीं हादसे की आशंका के चलते गांव के लोग भी तालाब की ओर नहीं जाते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।