पति और सास को नशीला पदार्थ खिलाकर प्रेमी संग लूटा घर, पांच लाख के गहने व 2.5 लाख नकद ले गई बहू
आगरा में एक महिला ने अपने पति और सास को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और फिर पांच लाख के गहने 2.5 लाख रुपये और मकान के दस्तावेज लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पुलिस ने पहले मामला दर्ज नहीं किया लेकिन बाद में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया और जांच शुरू कर दी गई।

जागरण संवाददाता, आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के युवक की पत्नी उसे और उसकी मां को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। दाेनों के बेहोश होने पर घर से पांच लाख के गहने, 2.5 लाख रुपये और मकान के दस्तावेज लेकर प्रेमी संग फरार हो गई। पीड़ित सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग लेकर पुलिस के पास पहुंचा पर सुनवाई नहीं हुई। न्यायालय में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत करने पर न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
ट्रांसयमुना के व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शादी के बाद से ही उससे नफरत करती थी। कुछ दिन पूर्व वह घर छोड़ कर अनिल सिंह नाम के युवक के साथ चली गई। कुछ दिन बाद वापस लौट आई। थाने में लिखित शपथपत्र दिया कि भविष्य में गलती नहीं करेगी।
पांच लाख के गहने, 2.5 लाख नकद और दस्तावेज ले गई
इसके बाद नौ मई को उन्हें और उनकी मां को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद घर से गहने,नकदी और मकान के दस्तावेज लेकर अनिल के साथ चली गई। इसकी पुष्टि सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग से हुई। आराेप है कि सीसीटीवी के बाद भी पुलिस ने सुनवाई नहीं की। पीड़ित और उसकी मां ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर ट्रांसयमुना पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है।
शहर की मॉडल से ठगी
शहर की मॉडल और इंटरनेट मीडिया इंफ्लुएंसर का मोबाइल, आईपैड और इंटरनेट खाते साइबर अपराधियों ने हैक कर लिए। सालों में बनाए फालोअर छूट जाने से पीड़िता परेशान हो गई। उसकी कमाई का साधन खत्म हो गया है। शिकायत पर साइबर थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। कहरई ताजगंज की युवती ने पुलिस को बताया कि वह मॉडलिंग, एक्टिंग के साथ इंटरनेट पर वीडियो बनाकर आजीविका चलाती हैं। उनके इंस्टाग्राम और फेसबुक पर काफी संख्या में फॉलोअर हैं। वीडियो बनाकर पोस्ट करने से उन्हें धन लाभ होता है।
अज्ञात व्यक्ति ने हैक कर लिया खाता
युवती ने बताया कि उनका मोबाइल और आई पैड दोनों एक ही मेल आईडी से चल रहे थे। सभी इंटरनेट खाते भी उसी आईडी से संचालित हो रहे हैं। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल और आईपैड हैक करने के बाद उनके इंटरनेट खाते बंद हो गए हैं। साइबर थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर अज्ञात हैकर की तलाश कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।