Weather Update: कैसा रहेगा ताजनगरी में मौसम का मिजाज? देखें अपडेट; झमाझम बारिश से गिरा 10 डिग्री तापमान
Agra Weather Update News आगरा में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। शहर में 36 घंटों में 80 एमएम से अधिक वर्षा हुई।

जागरण संवाददाता, आगरा। Agra Weather News: शहर में लगातार दूसरे दिन सोमवार को अच्छी वर्षा होने से पारा लुढ़क गया। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विभाग ने एक से चार जुलाई तक अच्छी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। न्यूनतम तापमान में अभी और गिरावट देखने को मिलेगी।
शहर में रविवार को अच्छी वर्षा हुई थी। सोमवार सुबह 4:30 बजे से वर्षा शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक रुक-रुककर हल्की वर्षा होती रही। सुबह नौ से 9:30 बजे तक कमला नगर क्षेत्र में अच्छी वर्षा हुई। इसके बाद बादल छाए रहे और हवा चलती रही।
दोपहर 1:30 बजे के करीब फतेहाबाद रोड पर आधा घंटे से अधिक समय तक अच्छी वर्षा हुई। इसके बाद फुहार पड़ती रहीं। रात आठ बजे के करीब एक बार फिर सिकंदरा क्षेत्र में तेज वर्षा हुई। लगातार वर्षा होने से रात और दिन के तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली। रविवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा था।
सुबह, दोपहर, रात को झमाझम बरसे मेघ, आज भी आसार
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि मानसून पूरे देश में सक्रिय हो चुका है। एक से चार जुलाई तक शहर में प्रतिदिन वर्षा होने या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में अभी और गिरावट देखने को मिलेगी।
36 घंटे में हुई 80 एमएम से अधिक वर्षा
शहर में रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 63 एमएम वर्षा हुई। सोमवार सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक 13.6 एमएम वर्षा हुई। रात आठ बजे के करीब शहर में जोरदार वर्षा हुई, जिसके आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके। 36 घटे में 80 एमएम से अधिक वर्षा हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।