Weather Update: रात भर गरज के साथ बारिश फिर बढ़ा दिन का तापमान, देखें कैसा रहेगा आगरा में आज का मौसम
आगरा में शुक्रवार रात से शनिवार तक रुक-रुक कर बारिश हुई जिससे मौसम ठंडा रहा। शनिवार को धूप निकली लेकिन उमस भी बनी रही। अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। मौसम विभाग ने रविवार को बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटों में 72 एमएम वर्षा दर्ज की गई।

जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में शुक्रवार रात बादलों की गरज और बिजली की चमक के बीच रुक-रुक कर वर्षा होती रही। मौसम ठंडा बना रहा। शनिवार सुबह से धूप निकली। शनिवार दिन में कभी धूप निकलने और कभी बादल छाए रहने से आर्द्रता अधिक रही। अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि की गई। मौसम विभाग ने रविवार को बौछार पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। तापमान में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
शुक्रवार को रात भर रुक-रुक कर होती रही वर्षा
शहर में शुक्रवार दोपहर अच्छी वर्षा हुई थी। शाम को वर्षा थम गई थी, लेकिन रात भर वर्षा होती रही। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। शनिवार को सुबह से शाम तक धूप निकली। बीच-बीच में बादल उमड़े, जिससे उमस बढ़ने से शहरवासियों को परेशानी का अनुभव हुआ।
अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि रविवार को बौछार पड़ सकती हैं। सोमवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे।
24 घंटे में 72 एमएम वर्षा
शहर में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में 72 एमएम वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक 43.2 एमएम वर्षा हुई थी। शुक्रवार शाम 5:30 बजे से शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 29.8 एमएम वर्षा दर्ज की गई।
तीन मंजिला जर्जर मकान ढह गया
लगातार हो रही बारिश के कारण शुक्रवार रात हरीपर्वत क्षेत्र में वजीरपुर चौराहे के पास बना तीन मंजिला जर्जर मकान ढह गया। आसपास के लोगों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मकान में किसी के न होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले ही मकान में किराये पर रहने वाला श्रमिक परिवार दूसरी जगह रहने चला गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार मकान सौ वर्ष पुराना है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत नीरज शर्मा ने बताया कि मकान पहले से जर्जर था। बारिश के कारण वह ढह गया। मकान में कोई रह नहीं रहा था।
बिजली के तारों में आग लगने से मची भगदड़
ताजगंज में सब्जी मंडी गायत्री डेयरी के पास शनिवार को बिजली के तारों में शार्टसर्किट से आग लग गई। इससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। स्थानीय दुकानदारों ने टोरंट पावर के अधिकारियों को जानकारी दी। ताजगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने बताया कि विद्युत खंबे पर वाई-फाई के तारों जाल से बना हुआ है।
बिजली के तारों में स्पार्किंग के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वाई-फाई के तारों को भी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। टोरंट पावर की टीम ने मौके पर पहुंचकर तारों की मरम्मत करके बिजली आपूिर्त शुरू कराई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।