Weather Update: भीषण गर्मी की चपेट में आगरा, प्रदेश में सबसे गर्म रहा; देखें कैसा रहेगा आज का मौसम
Weather Update आगरा में भीषण गर्मी और लू से लोग परेशान हैं। दोपहर में बादल छाने और आंधी के आसार बनने से धूल भरी हवा चली। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम में बदलाव की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जागरण संवाददाता, आगरा: Weather Update: तेज धूप और लू चलने से प्रदेश में ताजनगरी सबसे गर्म रही, शुक्रवार दोपहर में बाहर निकलने पर शूल की तरह से धूप चुभी। उमस से लोग पसीने में नहाते रहे, कुछ देर बाद ही प्यास लगने लगी। ज्यादा देर तक धूप में रहना मुश्किल हो गया। वहीं, दोपहर में कुछ देर के लिए बादल छाए इसके बाद आंधी के आसार बन गए। वातावरण में धूल कण छा गए, इससे भी लोगों को परेशानी हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से मौसम बदल सकता है, बादल छाने के साथ ही गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
सुबह से ही तेज धूप निकली। लू चलने से सुबह 10 बजे के बाद लोग घर से बाहर नहीं निकल सके। न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 11 बजे के बाद धूप तेज होती गई, सूरज की किरणों चुभने लगी। दोपहर में बाजारों से लेकर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से गर्म हवा चली। दोपहर दो बजे के बाद बादल छा गए। मगर, कुछ देर बाद ही धूप निकल आई। देहात में कई जगह हल्की बूंदाबादी हुई। शाम चार बजे के बाद आंधी के आसार बन गए, वातावरण में धूल कण छा गए। वायु गुणवत्ता सूचकांक भी 100 के पार पहुंच गया। शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रहा।
रात में भी गर्मी से नहीं मिल रही राहत
भीषण गर्मी और लू चलने से लोग दिन के साथ ही रात में भी परेशान हो रहे हैं। रात में भी गर्म हवा से राहत नहीं मिल रही है। रात का तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हवा चलने और तापमान में गिरावट ना आने से रात में लोगों को नींद में भी समस्या आ रही है।
प्रदेश के सबसे गर्म पांच शहर
- आगरा 45 डिग्री सेल्सियस
- झांसी 44 .9 डिग्री सेल्सियस
- बांदा 44. 6 डिग्री सेल्सियस
- कानपुर 44. 5 डिग्री सेल्सियस
- हमीरपुर 44 .2 डिग्री सेल्सियस
ये सावधानी बरतें
- धूप में बाहर ना निकले, धूप में जाएं तो छाता लेकर जाएं
- घर के बने खाद्य पदार्थ का सेवन करें
- बाजार में कटे फल, साफ सफाई के बिना निकाले जा रहे जूस का सेवन ना करें
ये करें
- नीबू शिकंजी, छाछ, सहित तरल पदार्थ का सेवन करें
- उल्टी दस्त होने पर ओआरएस का घोल पीएं
- ज्यादा चिकनाई युक्त और मिर्च मसाले वाले खाद्य पदार्थ का सेवन ना करें
- चाय काफी का सेवन ना करें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।