Agra Metro Rail Project: यूपी मेट्रो ने आगरा में महज 7 महीने में किया 50 पिलर का निर्माण, दो स्टेशनों के निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
Agra Metro Rail Project ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन में तेज रफ्तार के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। प्रायोरिटी कॉरिडोर में अब तक 533 पाइल 97 पाइलकैप और 50 पीयर्स (पिलर) का निर्माण पूरा कर लिया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में मेट्रो निर्माण का काम तेज रफ्तार के साथ किया जा रहा है। यूपी मेट्रो ने महज 7 महीने में 50 पीयर्स का निर्माण पूरा कर लिया है। इसके साथ ही अबतक 533 पाइल एवं 97 पाइलकैप का निर्माण किया जा चुका है। वहीं, बमरौली कटारा स्थित कास्टिंग यार्ड में अबतक 10 डबल टी गर्डर एवं 14 पीयर कैप बनकर तैयार हो गए हैं। यूपीएमआरसी के प्रबंघ निदेशक कुमार केशव ने इस उपलब्धि के लिए आगरा मेट्रो टीम की सराहना की है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी कुमार केशव ने कहा कि आगरा मेट्रो टीम ने तय समय में 50 पीयर्स का निर्माण पूरा कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि यूपी मेट्रो विकास की इस रफ्तार को कायम रखते हुए निर्धारित समय में प्रायोरिटी कॉरिडोर का निर्माण पूरा कर शहरवासियों को विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा प्रधान करेगी।
बता दें कि ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन में तेज रफ्तार के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। ताज ईस्ट गेट से जामा मस्जिद के बीच प्रायोरिटी कॉरिडोर में अब तक 533 पाइल, 97 पाइलकैप और 50 पीयर्स (पिलर) का निर्माण पूरा कर लिया है। प्रायोरिटी कॉरिडोर के ऐलिवेटिड भाग में कुल तीन स्टेशनों (ताज ईस्ट गेट- बसई- फतेहाबाद रोड) का निर्माण किया जाना है, जिसमें से ताज ईस्ट गेट एवं बसई स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। आगरा मेट्रो के पहले स्टेशन ताज ईस्ट गेट के सभी पीयर (पिलर) बनकर तैयार हो गए हैं, जल्द ही इस स्टेशन की दोनों साइड पर हॉरिजोंटल बीम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि ताजनगरी आगरा में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें कुल 27 स्टेशन होंगे। 14 किमी लंबे प्रथम कॉरिडोर का निर्माण ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच किया जा रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे। वहीं, आगरा कैंट से कालिंदी विहार के मध्य लगभग 16 किमी लंबे दूसरे कॉरिडोर में 14 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा, जिसके सभी स्टेशन ऐलीवेटिड होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।