Indian Railway News: यूपी के इस शहर में तेजी से बिछ रहा ट्रैक, नवंबर से दौड़ेगी चार स्टेशनों में मेट्रो
आगरा में मनःकामेश्वर से आरबीएस कॉलेज तक चार किमी लंबा भूमिगत ट्रैक बिछाने का काम शुरू हो गया है जिसे एक माह में पूरा किया जाएगा। ट्रैक के साथ बिजली लाइन भी बिछेगी। नवंबर से चार भूमिगत स्टेशनों पर मेट्रो शुरू होगी। आईएसबीटी पर एलिवेटेड स्टेशन सितंबर तक बनेगा। यमुना पर पुल का काम जलस्तर बढ़ने से रुका है।

जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने बिजलीघर चौराहा स्थित मन:कामेश्वर स्टेशन से आरबीएस कालेज स्टेशन के मध्य ट्रैक बिछाने का कार्य चालू कर दिया है। यह कार्य एक माह में पूरा होगा।
ट्रैक के साथ ही बिजली की लाइन भी बिछाई जाएगी। नवंबर से चार भूमिगत स्टेशनों पर मेट्रो का संचालन शुरू होगा। वहीं आइएसबीटी पर तेजी से एलीवेटेड स्टेशन बन रहा है। यह कार्य सितंबर तक पूरा होगा।
सिकंदरा तिराहा से टीडीआइ माल फतेहाबाद रोड तक पहला मेट्रो कारिडोर 14 किमी लंबा है। इसमें साढ़े सात किमी भूमिगत ट्रैक है। पूरा ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। बिजलीघर चौराहा से लेकर आरबीएस कालेज तक चार किमी लंबी लाइन में अभी तक ट्रैक नहीं बिछा है।
एक माह पूर्व यूपीएमआरसी की टीम ने यह कार्य चालू कर दिया था। अब तक एक किमी से अधिक ट्रैक बिछ चुका है। यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि मन:कामेश्वर स्टेशन से आरबीएस कालेज स्टेशन के मध्य चार स्टेशन हैं।
इसमें एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कालेज मैदान, राजा की मंडी व आरबीएस शामिल हैं। नवंबर से इन सभी स्टेशनों में मेट्रो का संचालन शुरू होगा। इसके साथ ही आइएसबीटी में एलीवेटेड स्टेशन बन रहा है। यह कार्य भी तेजी से चल रहा है। आरबीएस कॉलेज से टीडीआई मॉल फतेहाबाद के मध्य 12 ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यह सभी तीन कोच की होंगी।
बंद चल रहा कार्य
यमुना नदी पर मेट्रो का पुल बन रहा है। जलस्तर बढ़ने से कार्य बंद हो गया है। जलस्तर में कमी आने के बाद ही कार्य चालू होगा। वहीं एमजी रोड और नेशनल हाईवे-19 पर पिलरों की खोदाई का कार्य चल रहा है। दोनों जगहों पर 16 रिग मशीनों का प्रयोग किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।