Agra News: ऑक्सीजन थीम पार्क में पेड़ों की शाखाओं पर चलाई गई आरी, दो साल पहले किया गया था विकसित
सिकंदरा के एक ऑक्सीजन थीम पार्क में पेड़ों की शाखाओं को काटा गया और उन पर मिट्टी लेप दी गई। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान यह मामला सामने आया। बरगद पीपल नीम और पाकड़ के पेड़ों की शाखाएँ काटी गईं। कॉलोनी के लोग इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं जिससे संदेह और बढ़ रहा है।

जागरण संवाददाता, आगरा। लोगों को शुद्ध और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए को आक्सीजन थीम पार्क को विकसित करने के दौरान वहां पुराने पेड़ों की शाखाओं पर आरी चलाई गई थी। बुधवार को पौधारोपण के दौरान अधिकारियों की नजर कटे हुए तनों पर नहीं पड़े, इसे छिपाने के लिए उन पर मिट्टी लेपी गई थी। जिन नौ पेड़ों की शाखाओं को काटा गया उसमें बरगद, पीपल, नीम और पाकड़ हैं। जिन शाखाओं को काटा गया उनका व्यास चार से 14 इंच तक थी।
सिकंदरा आवास विकास कालोनी सेक्टर नौ में बुधवार को एक पेड़ मां के नाम 2.0 के अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम किया गया था। जिसमें उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय,प्रमुख सचिव एवं नोडल अधिकारी डा. हरिओम, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद के सदस्य विजय शिवहरे, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया था।
सिकंदरा आवास विकास कालोनी सेक्टर नौ स्थित उक्त पार्क की नींव दो वर्ष पहले पड़ी थी।मैदान के गड्ढों को भरवाने और कूड़े के ढेर को हटवाने के बाद इसकी चहारदीवारी कराई गई।
नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे उक्त पार्क काे आक्सीजन थीम पार्क का नाम दिया गया है। पार्क के परिसर में काफी पुराने बरगद,पीपल, नीम और पाकड़ के 1ृ5 पेड़ हैं। कुछ पेड़ पार्क के बाहर हैं, जिनकी शाखाओं को नहीं काटा गया है।
परिसर में स्थित नौ पेड़ों की शाखाओं काे काटा गया है। यह शाखाएं कब और किसके कहने पर काटी गईं। काटी गई शाखाएं दूर से लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर सकती थीं। जिसे छिपाने के लिए तनों पर मिट्टी लगाई गई थी।
पेड़ जिनकी शाखाएं काटीं गईं
- पीपल: तीन पेड़ों शाखाओं काे काटा गया। जिनका व्यास तीन से पांच इंच था।
- बरगद: पेड़ की छह शाखाओं को काटा गया, जिसमें एक शाखा का व्यास 14 इंच है।
- नीम: तीन पेडों की शाखाओं को काटा गया, जिनका व्यास चार से छह इंच तक है।
- पाकड़: पेड़ की चार शाखाएं काटी गई हैं, जिन पर मिट्टी भी लगाई गई है।
कालोनी के लोगों चुप
पेड़ों की शाखाओं को कब और किसके कहने पर काटा गया, इसे लेकर कालोनी के लाेग कुछ बोलने को तैयार नहीं है। दैनिक जागरण की टीम द्वारा काटी गई शाखाओं का फोटो करने के दौरान एक महिला ने पूछा कि इसका फोटो क्यों लिया जा रहा है। महिला से पे़ड़ की शाखाओं के काटने के बारे में पूछा गया ताे वहां से चली गई। कालोनी के अन्य लोग भी चुप्पी साध गए। उनकी यह खामोशी बताने के लिए काफी है कि उन्हें इस बारे में मालूम है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।