Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Sawan Parikrma Agra: NH-19 पर नहीं दौड़ेंगे भारी वाहन, एक्सप्रेस-वे के रास्ते आवागमन... नगर परिक्रमा के लिए रूट बदला

    Updated: Sat, 19 Jul 2025 07:36 AM (IST)

    आगरा में सावन की नगर परिक्रमा के चलते यातायात व्यवस्था बदली गई है। रविवार शाम से शहर में नो एंट्री रहेगी और कई मार्ग प्रतिबंधित रहेंगे। भारी वाहनों को एक्सप्रेस-वे से भेजा जाएगा। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। रविवार की शाम से सावन की प्राचीन नगर परिक्रमा के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। पूरे शहर में नो एंट्री लागू होने के साथ आंतरिक और बाह्य डायवर्जन लागू किया है। परिक्रमा मार्ग पर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शहर के सभी प्रमुख मंदिरों समेत परिक्रमा मार्ग पर सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और चप्पे -चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी। एनएच 19 पर भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। अन्य बाहरी मार्गों से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

    एनएच 19 पर नहीं दौड़ेंगे भारी वाहन,एक्सप्रेस वे के रास्ते होगा आवागमन

    शहर के अधिकांश स्थानों पर पुलिस जरूरत के अनुसार रोक- रोक कर वाहनों के निकलने की व्यवस्था रखेगी। जरूरत के अनुसार सिविल डिफेंस और अन्य संस्थाओं के वालंटियर्स की मदद से व्यवस्थाएं संभाली जाएंगी। पूर्व की तरह परिक्रमार्थियों को हाथों में डंडे आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। व्यवस्था रविवार शाम चार बजे से आयोजन की समाप्ति तक लागू रहेगी।

    यह है परिक्रमा का मार्ग

    परिक्रमा मार्ग :-

    • राजपुर चुंगी स्थित श्री राज राजेश्वर महादेव मंदिर से फूल सैय्यद चौराहा,सुभाष चन्द्र बोस मूर्ति चौराहा (माल रोड), कमिश्नर आवास के सामने से बालूगंज पुलिस चौकी चौराहा से छीपीटोला चौराहा होते हुए एसबीआई. तिराहा से रावली महादेव मंदिर, कलक्ट्रेट तिराहा, पुलिस लाइन के सामने से तहसील चौराहा होते हुए रूई की मण्डी चौराहा से भोगीपुरा चौराहा, पृथ्वीनाथ फाटक स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर से शंकरगढ़ की पुलिया के रास्ते रामनगर की पुलिया होते हुए मारुति स्टेट चौराहा से बोदला चौराहा, ईंट की मण्डी तिराहा।
    • कारगिल पेट्रोल पंप तिराहा से सिकन्दरा तिराहा होकर सब्जी मंडी अण्डर पास से होते हुए कैलाश मोड़ से कैलाश महादेव मंदिर के बाद वापस सिकन्दरा तिराहा से खंदारी चौराहा होकर भगवान टाकीज, सुल्तानगंज की पुलिया,मुगल रोड होकर बल्केश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे।
    • बल्केश्वर रोड से वाटरवर्क्स चौराहा होकर जीवनी मंडी चौराहा से बेलनगंज के रास्ते छत्ता बाजार होकर मनःकामेश्वर महादेव मंदिर होकर हाथीघाट से शमशान घाट चौराहा होकर विक्टोरिया पार्क तिराहा, पुरानी मंडी होते हुए ताजव्यू तिराहा, मुगल पुलिया से गोबर चौकी के रास्ते राज राजेश्वर महादेव मंदिर तक परिक्रमा मार्ग रहेगा।

    बाहरी डायवर्जन

    • एनएच-19 पर मथुरा,हाथरस और फिरोजाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें यमुना एक्सपेस से डायवर्ट हाेकर आगे भेजा जाएगा।
    • दिल्ली से आगरा होकर फिरोजाबाद की आने वाले भारी वाहन रिफाइनरी से मथुरा की ओर डायवर्ट होंगे।
    • फिरोजाबाद से आगरा होकर मथुरा जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर से एक्सप्रेस वे और हाथरस से आने वाले वाहनों को सिकंदराराऊ होकर मथुरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
    • हाथरस से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन खंदौली से कुबेरपुर होकर जा सकेंगे।
    • ग्वालियर, जयपुर, एटा, शमशाबाद से आने-जाने वाले वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे।
    • रोहता नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, एनएच 19, रूनकता से लेकर कुबेरपुर कट, एत्मादौला, खन्दौली, मुड़ी चौराहा, रामबाग, तोरा चौकी, एकता चौकी, मलपुरा एवं अन्य प्रवेश मार्गों से कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा। इन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजे जाएगा।

    शहर में इन मार्गों पर वाहन प्रतिबंधित

    • आंबेडकर पुल व एत्माद्दौला से बेलनगंज तक, जीवनी मंडी से यमुना किनारा रोड तक, दरेसी नं. 2, चिम्मन पूड़ी, मनःकामेश्वर मंदिर मार्ग बंद, विक्टोरिया पार्क तिराहा से पुरानी मंडी और ताजव्यू तिराहा तक चार पहिया वाहनों पर रोक, मुगल पुलिया से गोबर चौकी, शमशाबाद रोड (100 फुटा मोड़) से राजपुर चुंगी और फूल सैय्यद चौराहा, वॉटर वर्क्स व कमलानगर से बल्केश्वर मंदिर तक सभी वाहन प्रतिबंधित हैं।
    • गधापाडा, जीवनी मंडी, सुल्तानगंज पुलिया से भारी व चारपहिया वाहन का आवागमन बंद,स्टेट बैंक तिराहा से रावली, कलक्ट्रेट, तहसील, भोगीपुरा, पृथ्वीनाथ, शंकरगढ़ पुलिया मार्ग पर वाहन प्रतिबंधित,रामनगर पुलिया से मारुति स्टेट, बोदला ,सिकंदरा की ओर सभी वाहन प्रतिबंधित हैं।
    • कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर, गुरुद्वारा गुरू का ताल से सिकंदरा चौराहा और पालीवाल पार्क से जीवनी मंडी मार्ग भी सभी वाहनों के लिए बंद रहेगा।
    • जीवनी मंडी, वाटरवर्क्स, गढ़ापाड़ा, छीपीटोला, सुभाष पार्क, बोदला, मारुति स्टेट, खंदारी, भगवान टॉकीज, मनःकामेश्वर, शमशान घाट, ताज व्यू प्वाइंट, मुगल पुलिया, गोबर चौकी सहित 40 से अधिक प्रमुख चौराहों व मार्गों पर वाहन संचालन रोक-रोक कर किया जाएगा।

    चार पहिया वाहनों के वैकल्पिक मार्ग

    आगरा से मथुरा जाने वाले वाहन गुरुद्वारा गुरु का ताल आरओबी से भावना टावर से पानी की टंकी तिराहा होकर करकुंज चौराहा की ओर से कारगिल पेट्रोल पंप से पश्चिमपुरी चौराहा, शास्त्रीपुरम आरओबी होकर एनएच-19 से आगे जा सकते हैं।

    वहीं मथुरा से आगरा,फिरोजाबाद जाने वाले फल मंडी सिकंदरा अंडरपास से यू-टर्न लेकर मंडी ढाबा, आशाराम बापू आश्रम से रेलवे ओवरब्रिज, यूपीएसआईडीसी मार्ग से सिकंदरा आरओबी के रास्ते करकुंज चौराहा होकर भावना टावर से मदिया कटरा,आरबीएस चौराहा होकर हरीपर्वत से भगवान टाकीज चौराहा की ओर जा सकते हैं।

    पुलिस आयुक्त ने की अपील

    पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें और किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाएं। आदेशों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिक आवश्यक कार्यों के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना पहले से बना लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    comedy show banner
    comedy show banner