नगर निगम पर जड़ा ताला, लड़खड़ाई सफाई व्यवस्था
सुबह पांच बजे से सफाई व्यवस्था होने का किया विरोध अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव को दिया ज्ञापन

आगरा, जागरण संवाददाता। सफाई कर्मचारियों ने सुबह पांच बजे से ड्यूटी शुरू होने का विरोध शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह 11 बजे दो सौ से अधिक कर्मचारियों ने निगम कार्यालय का घेराव किया। चार गेट पर ताला बंद कर दिया और नारेबाजी की। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई। कर्मचारियों ने दोपहर एक बजे तक निगम परिसर में धरना दिया। अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा। नगरायुक्त से फोन पर बात की। महिला कर्मचारियों की सुबह साढ़े सात बजे ड्यूटी शुरू होने पर कर्मचारी शांत हुए तब जाकर हड़ताल खत्म हुई।
प्रदेश सरकार के सुबह पांच बजे से सफाई व्यवस्था को शुरू करने के आदेश के विरोध में सफाई कर्मचारी आ गए हैं। निगम में सरकारी, संविदा और आउटसोर्सिंग के 4,200 कर्मचारी हैं, जिनमें 1,500 महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं की ड्यूटी सुबह साढ़े सात बजे से शुरू करने की, रिक्त पदों पर जल्द तैनाती की मांग की। गुरुवार सुबह कर्मचारियों ने आवास विकास कालोनी सेक्टर एक से 16, लोहामंडी, यमुनापार, ताजगंज, बोदला, सिकंदरा, वजीरपुरा, केके नगर रोड, खंदारी, गैलाना, नगला बूढ़ी, लायर्स कालोनी, दयालबाग क्षेत्रों में ठीक से सफाई नहीं हुई। आधे कर्मचारियों ने न तो झाड़ू लगाई और न ही कूड़े का उठान किया। दो सौ से अधिक कर्मचारी निगम कार्यालय पहुंचे। कर्मचारी नेता विनोद इलाहाबादी ने कहा कि सुबह पांच बजे अगर महिलाएं ड्यूटी करने जाएंगी तो उनके बच्चों की पढ़ाई का क्या होगा। इससे बच्चों का भविष्य खराब हो जाएगा। भाजपा सरकार ने सफाई कर्मचारियों की भावनाओं का ध्यान नहीं रखा है। आजाद सिंह वाल्मीकि ने कहा कि जल्द ही आदेश वापस न होने पर आंदोलन होगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-निगम प्रशासन की होगी। राजकुमार विद्यार्थी ने कहा कि कोरोना काल में कर्मचारियों ने जान जोखिम में डाल कर कार्य किया है। जल संस्थान के कर्मचारी भी निगम कर्मचारियों के समर्थन में आ गए। दोपहर साढ़े 12 बजे कर्मचारियों ने अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा। नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि महिलाओं की ड्यूटी सुबह साढ़े सात बजे से शुरू होगी। आश्वासन मिलने के बाद धरना खत्म हो गया। भटकते रहे लोग, न टैक्स जमा और न मिला प्रमाण पत्र : नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी के चलते अफसर स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठ गए। लोग न तो हाउस टैक्स जमा कर सके और न ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र मिला। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा। आधा दर्जन लोगों ने फोन कर नगरायुक्त से इसकी शिकायत की। सिल्ट का नहीं हुआ उठान : गुरुवार को जयपुर हाउस, कमला नगर ए ब्लाक, बल्केश्वर, सीता नगर, नुनिहाई, बेलनगंज, आवास विकास कालोनी सेक्टर एक से छह तक में सिल्ट का उठान नहीं हुआ। लोगों ने इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की। - क्षेत्र में गुरुवार को ठीक से झाड़ू नहीं लगी है और न ही कूड़े का उठान हुआ है। इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की गई है।
उर्मिला, शाहगंज - कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सफाई ठीक से नहीं हुई है। सिल्ट का भी उठान नहीं हुआ है।
गजेंद्र वर्मा, ट्रांसयमुना कालोनी - कर्मचारियों की हड़ताल को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन को वैकल्पिक इंतजाम करना चाहिए। इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ममता गुप्ता, यमुनापार

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।