Tajmahal Photos: सीजन के पहले कोहरे में छिप गया ताजमहल, अद्भुत नजारा; लोग भी हुए हैरान
आगरा में गुरुवार को पहली बार कोहरा छाया जिससे शहर से देहात तक दृश्यता प्रभावित हुई। वाहन चालकों ने हेडलाइट जलाकर यात्रा की और कोहरे में ताजमहल ओझल होन ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। सीजन में पहली बार गुरुवार सुबह शहर कोहरे के आगोश में नजर आया। शहर से देहात तक इसका असर देखने को मिला। वाहन चालक हेड लाइट जलाकर चलते हुए नजर आए। कोहरे में ताजमहल भी नजरों से ओझल हो गया। वीडियो प्लेटफार्म से ताजमहल नजर नहीं आने से पर्यटकों को मायूसी हाथ लगी। स्मारक की सुंदर यादें संजोने को वह फोटोग्राफी नहीं कर सके। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कोहरा रहा। अभी दो दिन सुबह के समय कोहरा रहने का पूर्वानुमान मौसम विभाग का है।
नवंबर आधा बीत चुका है, लेकिन विगत वर्षों की तरह अब तक शहर में ठंड पड़ना शुरू नहीं हुई है। दो दिन से रात में हल्की ठंड का अहसास जरूर हो रहा है, लेकिन दिन का तापमान अधिक चल रहा है। गुरुवार सुबह जब शहरवासी सोकर उठे तो कोहरा छाया हुआ था।
खुले मैदानों व हाईवे पर कोहरे की वजह से दृश्यता प्रभावित थी। सुबह पांच से नौ बजे तक कोहरा रहा, जिससे शहर से लेकर देहात तक सड़कों पर वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा। हाईवे पर भी वाहनों की रफ्तार प्रभावित रही।

कोहरे की वजह से शहरवासियों को ठंड का अहसास हुआ। नौ बजे के करीब धूप निकल आई, लेकिन उसमें तेजी नहीं थी। दिनभर मौसम ऐसा ही बना रहा। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि अफगानिस्तान व पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है।
आगरा में वर्षा तो नहीं हुई, लेकिन नमी बढ़ गई है, जिससे गुरुवार सुबह कोहरा छाया। अभी दो दिन और यह स्थिति रहेगी। गुरुवार सुबह सर्दी का पहला कोहरा पड़ा तो शहर के लोगों को ठंड का एहसास भी कर गया। सुबह-सुबह लोग गर्म कपड़े पहनकर निकले। इस दौरान ठंड ने अपने आने की दस्तक भी दी।

गुरुवार सुबह 8:00 बजे कोहरे की चादर में लिपटा ताज। जागरण
अधिकतम तापमान में आई गिरावट
गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य तापमान से अधिकतम तापमान आधा डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।

पिछले कुछ वर्षों में 14 नवंबर को स्थिति (डिग्री सेल्सियस में)
| वर्ष | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| 2020 | 31 | 14 |
| 2021 | 28 | 11 |
| 2022 | 31 | 14 |
| 2023 | 24 | 15 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।