ताजमहल के बाद फ्री में देखें ताज महोत्सव, आज पापोन की म्यूजिकल नाइट में झूमेंगे दर्शक, इन तारीखों में बना लें आगरा का प्रोग्राम
Taj Mahotsav 2022 एक महीने की देरी से ताज महोत्सव शुरू हो रहा है। वर्ष 1992 में शुरू हुए महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष 18 से 27 फरवरी तक होता रहा है। वर्ष 2012 2017 और इस वर्ष यह मार्च में हो रहा है।

आगरा, जागरण टीम। शिल्पग्राम में ताज महोत्सव की शुरुआत आज से हो रही है। महोत्सव में इस बार थीम बेस्ड गेट की बजाय सिंपल गेट फ्लैक्स व होर्डिंग लगाकर बना दिए गए हैं। महोत्सव में इस बार स्थानीय कंपनी को टेंडर मिला था। वर्क आर्डर देर से जारी किए जाने की वजह से तैयारियां विलंब से शुरू हो सकीं। शिल्पग्राम में महोत्सव के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए जाते रहे हैं।
पहले दोनों गेटों को थीम पर तैयार किया जाता था। ताजमहल, आगरा किला, सिकंदरा स्मारकों के डिजाइन पर गेट बनाए जाते थे, इसके साथ ही प्रदेश की संस्कृति के दर्शन गेट पर होते थे। शनिवार शाम तक गेट नहीं बने थे। बाद में फ्लैक्स व होर्डिंग के सिंपल गेट बना दिए गए। 10 दिवसीय उत्सव ताज महोत्सव की शुरुआत रविवार शाम को शिल्पग्राम में होगी। इसमें देशभर के विभिन्न प्रांतों के हस्तशिल्पी व कलाकार अपने शिल्प व कला का प्रदर्शन करेंगे। इससे शिल्पग्राम मिनी भारत बना नजर आएगा। पहले दिन बालीवुड कलाकार पापोन अपने सुरों के जादू पर लोगों को झुमाएंगे।
बच्चों के लिए हैं मनोरंजन भरपूर
इस बार शिल्पग्राम में 375 स्टाल बनाई गई हैं, जिनमें 15 फूड स्टाल भी हैं। फन जोन में बच्चों के लिए झूले रहेंगे। सहारनपुर का वुड क्राफ्ट, कश्मीर का सूट व पशमीना शाल, फरीदाबाद का टेराकोटा, प. बंगाल की कांथा साड़ी, वाराणसी की सिल्क साड़ी, बिहार का सिल्क, भदोही का कारपेट, लखनऊ का चिकन वस्त्र, आंध्र प्रदेश का क्रोशिया व सिल्क, खुर्जा की पाटरी, आसाम का केन फर्नीचर महोत्सव में पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
इतनी है प्रवेश शुल्क
ताज महोत्सव में प्रवेश शुल्क 50 रुपये रहेगा। तीन वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश निश्शुल्क रहेगा। ताजमहल देखने आए पर्यटक द्वारा उसी तिथि का ताजमहल का टिकट दिखाने पर निश्शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। विदेशी पर्यटकों का प्रवेश निश्शुल्क रहेगा। स्कूल की यूनिफार्म में 50 बच्चों का ग्रुप व दो शिक्षकों का प्रवेश शुल्क 500 रुपये रखा गया है।
30वां है आयोजन
ताज महोत्सव के 30वें आयोजन की थीम आजादी के अमृत महोत्सव के संग, ताज महोत्सव के रंग रखी गई है। 20 से 29 मार्च तक चलने वाले महोत्सव में शिल्पग्राम, सूरसदन, सदर बाजार, जोनल पार्क, आइ लव आगरा प्वाइंट, आगरा किला में कार्यक्रम होंगे। 21 मार्च को होटल जेपी पैलेस में सेमिनार आगरा बियोंड ताज: नेचुरल वेल्थ आफ आगरा का आयोजन टूरिज्म गिल्ड व स्फीहा द्वारा किया जाएगा।
ये होंगे कार्यक्रम
शिल्पग्राम 20 मार्च: पं. बिरजू महाराज को समर्पित प्रस्तुति पं. जयकिशन महाराज द्वारा और बालीवुड गायक पापोन की प्रस्तुति। 21 मार्च: श्रेय खन्ना एवं कबीर कैफे बैंड। 22 मार्च: लाफ्टर शो सुनील पाल, सुरेश अलबेला व राजन श्रीवास्तव। 23 मार्च: ट्रिब्यूट टू लता मंगेशकर: संजीवनी भेलांदे, दिवाकर, प्रियंका वैद्य, संदीप बत्रा।24 मार्च: स्वराग बैंड। 25 मार्च: राजस्थानी लोक संगीत पद्मश्री गुलाबो सपेरा। 26 मार्च: ए. हरिहरन। 27 मार्च: सितारे आगरा के। 28 मार्च: रियलिटी स्टार नाइट: सचिन वाल्मीकि व निष्ठा शर्मा। 20 मार्च: बालीवुड नाइट बी. पराक।आगरा किला 25 मार्च: अंशुमान महाराज द्वारा सराेद वादन, असलम साबरी द्वारा कव्वाली। सूरसदन 21 से 29 मार्च तक नाटक मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम। 28 मार्च को मुशायरा व 29 मार्च को कवि सम्मेलन।सदर बाजार 21 से 29 मार्च तक सांस्कृतिक कार्यक्रम। जोनल पार्क 25 से 28 मार्च तक शास्त्रीय, उप-शास्त्रीय व सांस्कृतिक कार्यक्रम।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।