Taj Mahal: लांग वीकेंड पर ताजमहल पर रिकॉर्ड भीड़, 47 हजार टूरिस्ट ने देखा खूबसूरत स्मारक
शनिवार को ताजमहल पर पर्यटकों की रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी जिसमें 47 हजार से अधिक पर्यटकों ने दीदार किया। दिल्ली और हरियाणा से आए पर्यटकों ने मथुरा-वृंदावन के मंदिरों के दर्शन के बाद ताजमहल देखा। लंबी छुट्टियों के कारण पश्चिमी गेट पर पर्यटकों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ा। एक पर्यटक की तबीयत बिगड़ी एक महिला को खोई हुई चेन मिली और एक बच्ची अपने परिवार से मिल गई।

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल पर लांग वीकेंड में शनिवार को पर्यटक उमड़े। दिल्ली व हरियाणा की तरफ से आए पर्यटकों ने पहले मथुरा-वृंदावन में मंदिरों के दर्शन किए, दोपहर बाद वह ताजमहल देखने आए।
लखनऊ और उसके आसपास के शहरों से आए पर्यटकों ने पहले ताजमहल देखा और फिर शाम को मथुरा-वृंदावन गए। रिकॉर्ड 47 हजार 494 पर्यटकों ने टिकट लेकर स्मारक निहारा। इस वर्ष एक दिन में ताजमहल देखने वाले पर्यटकों की यह सर्वाधिक संख्या है।
शनिवार को रिकॉर्ड 47 हजार 494 पर्यटकों ने निहारा स्मारक
लांग वीकेंड में 15 अगस्त, जन्माष्टमी और रविवार के अवकाश एक साथ पड़े हैं। 15 अगस्त को शुक्रवार होने की वजह से ताजमहल बंद रहा था। शनिवार को सुबह से ही ताजमहल के पश्चिमी व पूर्वी गेट पर पर्यटकों की लाइनें लगी नजर आईं। पश्चिमी गेट पर दोपहर 12 बजे के बाद तो लंबी लाइन में उमस की वजह से पर्यटक बेहाल नजर आए। टिकट विंडो, टर्न स्टाइल गेट और डोर फ्रेम मैटल डिटेक्टर पर उन्हें आधा घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।
पूर्वी व पश्चिमी गेट पर लगीं लाइन, मुख्य मकबरे पर रही भीड़
मुख्य मकबरे पर भी लंबी लाइन रही। पार्किंग फुल होने से यमुना किनारा रोड और पुरानी मंडी चौराहा पर ट्रैफिक फंसता रहा। 15 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश निश्शुल्क होने, वीआइपी आदि के चलते एक अंदाजे के अनुसार 70 हजार से अधिक पर्यटकों ने ताजमहल देखा। रविवार को भी ताजमहल पर भीड़ उमड़ने की उम्मीद कारोबारियों को है।
शनिवार को पर्यटकों की स्थिति
- भारतीय पर्यटक, 45 हजार 616
- विदेशी पर्यटक, 1878
- कुल, 47 हजार 494
ताजमहल पर पर्यटकों की स्थिति
तिथि, पर्यटक
- 1 जनवरी, 42 हजार 411
- 16 फरवरी, 40 हजार 903
- 16 अगस्त, 47 हजार, 494
- 2 नवंबर, 2024, 45 हजार 78
पर्यटक की बिगड़ी तबीयत
ताजमहल देखने शनिवार को दिल्ली से आए पर्यटक राहुल की तबीयत बिगड़ गई। लो ब्लड प्रेशर की वजह से वह पश्चिमी गेट पर चक्कर आने से गिर पड़े। सीआइएसएफ ने पश्चिमी गेट पार्किंग से चिकित्सीय टीम के साथ एंबुलेंस बुलाई। पर्यटक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी स्थिति में सुधार देखने को मिला।
महिला पर्यटक की चेन लौटाई
पंजाब के मोहाली से रेनू रानी ताजमहल देखने आई थीं। उन्होंने सीआइएसएफ को पूर्वी गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान सोने की चेन खोने की जानकारी दी। इसके बाद सीआइएसएफ ने चेन की तलाश की। हेड कांस्टेबल नील को चेन फ्रिस्किंग बूथ के पास जमीन पर पड़ी हुई चेन मिल गई। सत्यापन के बाद महिला पर्यटक को उसकी चेन सौंप दी गई।
वहीं, शाम 5:30 बजे ताजमहल में दिल्ली से आई नौ वर्षीय परी अकेले रोते हुए मिली। इसके बाद अनाउंसमेंट कराने के साथ ही चेकिंग की गई। एक घंटे बाद लड़की को उसके पिता प्रमोद को सौंपा गया।
ये भी पढ़ेंः मिठाई, उपहार और लाला की छीछी लुटाई जाएगी... श्रीकृष्ण जन्माष्टी के बाद आज गोकुल में नंदोत्सव की धूम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।