Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ताजमहल सबसे लोकप्रिय स्मारक, जानें ASI की लिस्ट में लाल किले से लेकर कुतुबमीनार तक किस पायदान पर

    By Jagran NewsEdited By: Nitesh Srivastava
    Updated: Fri, 03 Mar 2023 09:53 AM (IST)

    यह सूचना वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन को एएसआई ने सूचना के अधिकार के अंतर्गत 27 फरवरी को उपलब्ध कराई है। एएसआइ ने देशभर के 3695 राष्ट्रीय महत्व के संरक्षित स्मारकों और स्थलों की टिकट बिक्री और उससे जमा होने वाले राजस्व के आधार पर यह सूची तैयार की है।

    Hero Image
    ताजमहल एएसआइ के सभी स्मारकों में सबसे अधिक लोकप्रिय है। जागरण

     जागरण संवाददाता, आगरा: ताजमहल को यूं ही दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाकृति नहीं कहा जाता। टिकट बिक्री और जमा राजस्व के आधार पर तैयार भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की सूची में ताजमहल देश का सबसे अधिक लोकप्रिय स्मारक बना है, जिसे अधिकतम दर्शकों द्वारा देखा जाता है। आगरा किला पांचवें स्थान पर है, हालांकि फतेहपुर सीकरी का भव्य स्मारक श्रेष्ठ 10 की सूची में स्थान नहीं बना पाया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह सूचना वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन को एएसआई ने सूचना के अधिकार के अंतर्गत 27 फरवरी को उपलब्ध कराई है। उन्होंने बताया कि एएसआइ ने देशभर के 3695 राष्ट्रीय महत्व के संरक्षित स्मारकों और स्थलों की टिकट बिक्री और उससे जमा होने वाले राजस्व के आधार पर यह सूची तैयार की है। इसमें वित्तीय वर्ष 2018-19, 2019-20, 2020-21 व 2021-22 में पर्यटकों की संख्या व टिकट बिक्री से प्राप्त राजस्व के आंकड़े एएसआइ ने स्मारकवार दिए हैं।

    वित्तीय वर्ष 2021-22 में अधिकतम व्यक्तियों द्वारा देखे गये 10 स्मारकों की सूची में पहले स्थान ताजमहल, दूसरे स्थान पर दिल्ली का लाल किला, तीसरा स्थान पर चेन्नई का ममल्लापुरम स्मारक, चौथे स्थान पर दिल्ली की कुतुबमीनार, पांचवें स्थान पर आगरा किला, छठे स्थान पर हैदराबाद का गोलकोंडा किला, सातवें स्थान पर कोणार्क का सूर्य मंदिर, आठवें स्थान पर गोवा का अगुड़ा किला, नौवें स्थान पर जोधपुर का चितौड़गढ़ का किला और 10वें स्थान पर मुंबई का शनिवरवाड़ा है।

    वित्तीय वर्ष 2018-19 में 77.90 करोड़, 2019-20 में 97.11 करोड़, 2020-21 में 9.53 करोड़ और 2021-22 में 25.61 करोड़ रुपये की आय एएसआई को ताजमहल से हुई। इन वर्षों में ताजमहल देखने वालों की संख्या क्रमशः 68.85 लाख, 51.64 लाख, 12.68 लाख व 33.33 लाख थी।

    ये हैं सुझाव

    उन्होंने बताया कि आगरा किला ताजमहल के एक किमी परिधि में है, बावजूद इसके ताजमहल की तुलना में वित्तीय वर्ष 2018-19 में कुल 35 प्रतिशत, वित्तीय वर्ष 2019-20 में कुल 39 प्रतिशत, वित्तीय वर्ष 2020-21 में कुल 29 प्रतिशत और वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 31 प्रतिशत पर्यटकों ने ही इसे देखा। इसे और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए प्रयास की जरूरत है।

    विश्वदाय स्मारक फतेहपुर सीकरी 2018-19 से लेकर 2021-22 तक किसी भी वर्ष में श्रेष्ठ 10 लोकप्रिय स्मारकों की सूची में कहीं भी स्थान नहीं बना पाया, जो निराशाजनक है। जबकि जो भी पर्यटक फतेहपुर सीकरी देखते हैं, वह प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाता है। सलीम चिश्ती की दरगाह पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण है। इसलिए फतेहपुर सीकरी की व्यवस्थाओं में सुधार और यातायात की सुगमता अधिक हो, तो अधिक पर्यटक फतेहपुर सीकरी से जुड़ेंगे।

    बेबी ताज के रूप में विख्यात सफेद संगमरमर से बना आकर्षक एत्माददौला, अकबर का मकबरा सिकंदरा और मेहताब बाग भी श्रेष्ठ स्मारकों की सूची में नहीं है। पूरा सिस्टम ताजमहल के अतिरिक्त अन्य स्मारकों को लोकप्रिय बनाने और पर्यटकों को वहां तक ले जाने में असफल हुआ हैं। आगरा के पर्यटन रोड मैप को मजबूती से तैयार करने के साथ आधे दिन और पूरे दिन के लिए सिटी टूर से सभी स्मारकों और प्राकृतिक स्थलों को जोड़कर इसे आसान किया जा सकता है।

    सबसे कमाऊ, सुविधाओं का अभाव

    एड केसी जैन का कहना है कि ताजमहल एएसआइ के सभी स्मारकों में सबसे अधिक लोकप्रिय है। कोरोना से पूर्व इससे 97 करोड़ रुपये से अधिक आय प्रति वर्ष एएसआई को हो रही थी, लेकिन यहां आने वाले पर्यटकों के लिए पूर्वी व पश्चिमी गेट पर पार्किंग की सुविधा अपर्याप्त है। ताजमहल देखने की टिकट खरीदने और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच का अनुभव खराब रहता है।

    ताजमहल परिधि से 500 मीटर के यलो जोन में स्तरीय रखरखाव, सफाई व हरियाली का अभाव है। सप्ताहंत, पर्वों व अवकाश के दिनों में ताजमहल देखने का अनुभव सबसे अप्रिय होता है। एएसआई की सोच सिर्फ स्मारकों तक सीमित न होकर पर्यटकों के पूरे अनुभव से जुड़ी होनी चाहिए। साथ ही नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण, उद्यान विभाग व पर्यटन विभाग की भी इस दिशा में सोचना चाहिए।