Agra News: विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन ताजमहल में बिना टिकट मिली एंट्री, 40 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने उठाया लुत्फ
विश्व धरोहर सप्ताह का पहला दिन आगरा के पर्यटकों के लिए काफी आनंदमय रहा। ताजमहल में फ्री एंट्री का लोगों ने जमकर लाभ लिया। एक ही दिन में यहां 40 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया। भीड़ ऐसी रही कि पर्यटकों को पार्किंग से ताजमहल तक जाने के लिए बैटरी कार के लिए भी इंतजार करना पड़ा।

जागरण संवाददाता, आगरा। विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन रविवार को स्मारकों में पर्यटकों को निश्शुल्क प्रवेश मिला। ताजमहल देखने पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। दोपहर दो बजे के बाद मैच के चलते पर्यटकों का दबाव कम रहा। एक अंदाज के अनुसार लगभग 40 हजार पर्यटकों ने ताजमहल देखा। शनिवार को 37 हजार 927 पर्यटक आए थे।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा प्रतिवर्ष 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है। इसके पहले दिन एएसआइ द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों में पर्यटकों का प्रवेश निश्शुल्क रहा। सुबह से ही स्मारकों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। ताजमहल पर सुरक्षा जांच को लाइनें लगीं। पर्यटकों को पार्किंग से ताजमहल तक जाने के लिए बैटरी कार के लिए भी इंतजार करना पड़ा। आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग समेत अन्य स्मारकों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक पर्यटक पहुंचे।
मुख्य मकबरे पर लागू रही टिकट
ताजमहल में भारतीय व विदेशी पर्यटकों को प्रवेश तो निश्शुल्क मिला, लेकिन मुख्य मकबरे पर ऊपर जाने के लिए उन्हें 200 रुपये कीमत वाली टिकट खरीदनी पड़ी।
यह होंगे कार्यक्रम
विश्व धरोहर सप्ताह में प्रतिदिन अलग-अलग स्मारकों में कार्यक्रम होंगे। सोमवार को ताजमहल में कविता लेखन, 21 नवंबर को मेहताब बाग में स्लोगन राइटिंग, 22 को फिरोजाबाद के रापड़ी में जागरूकता कार्यक्रम, 23 को एत्माद्दौला में निबंध लेखन, 24 को वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। 25 नवंबर को आगरा किला में विश्व धरोहर सप्ताह का समापन होगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।