विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ताजमहल में CISF जवानों ने दिल्ली के पर्यटकों को पीटा, कंगना रनौत के लौटते ही हुई घटना से मची अफरातफरी

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:31 PM (IST)

ताजमहल में सीआईएसएफ जवानों ने दिल्ली से आए पर्यटकों को पीटा, जब वे अपने बिछड़े बच्चे के बारे में जानकारी लेने कंट्रोल रूम पहुंचे थे। 

आगरा: ताजमहल के पूर्वी गेट पर बाहर निकलते पर्यटकों से मारपीट करते सीआईएसएफ के जवान। जागरण

आगरा: ताजमहल के पूर्वी गेट पर बाहर निकलते पर्यटकों से मारपीट करते सीआईएसएफ के जवान। जागरण

HighLights

  1. सीआईएसएफ जवानों ने दिल्ली के पर्यटकों को पीटा।

  2. बच्चा बिछड़ने पर कंट्रोल रूम में हुई मारपीट।

  3. एएसआई ने घटना पर सीआईएसएफ से जवाब मांगा।

जागरण संवाददाता, आगरा। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने रविवार को ताजमहल में दिल्ली से आए पर्यटकों के साथ मारपीट कर दी। बच्चा बिछड़ने पर पर्यटक कंट्रोल रूम पहुंचे थे। वहां किसी बात पर विवाद होने पर पर्यटक को पीटा गया। परिवार की महिलाओं ने चीख-पुकार मचाने के साथ रोना शुरू कर दिया।

पूर्वी गेट पर भी पर्यटक को पीटा गया। किसी तरह भागकर बचे पर्यटक ताजगंज की गलियों में इधर से उधर भटकते रहे। पिटाई से पर्यटक की तबीयत भी खराब हो गई। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने घटनाक्रम पर सीआईएसएफ से जवाब मांगा है।

यह है पूरा मामला

घटना रविवार शाम करीब चार बजे की है। अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत ताजमहल देखकर लौटी ही थीं कि पूर्वी गेट पर अचानक चीख-पुकार मच गई। पूर्वी गेट पर अंदर दाइं तरफ सीआईएसएफ का कंट्रोल रूम है। वहां सीआईएसएफ जवान पर्यटकोें को पीट रहे थे। बीच-बचाव का प्रयास करतीं परिवार की महिलाएं चीख रही थीं।

पर्यटकों को पीटते-पीटते जवान बाहर ले आए। मीडियाकर्मियों ने वीडियो बनाने के साथ फोटो खींचना शुरू किए तो एक जवान कैप से चेहरा छिपाने लगा। बचकर भागे पर्यटक ताजगंज की गलियों में इधर से उधर भटकते रहे।

पीड़ित साजिद ने बताया कि वह परिवार के साथ आए थे। पांच मिनट के लिए उनका बच्चा परिवार से अलग हो गया। सीआईएसएफ ने बच्चे को अपने पास रख लिया और कहा कि बच्चे का आधार कार्ड दिखाओ।

उन्होंने कहा कि तीन वर्ष का बच्चा है। आधार कार्ड घर पर छूट गया है। मोबाइल पर सब प्रूफ हैं, देख लीजिए। इस पर कहा कि चार दिन के बाद बच्चा मिलेगा, थाना जाना होगा। मेरा मोबाइल छीन लिया। वहां से कंट्रोल रूम ले आए।

मेरे साले आजाद को बहुत मारा। उसकी तबीयत खराब हो गई। यहां कोई देखने वाला नहीं है। परिवार की महिला इस दौरान रोते हुए बच्चे को बहुत मारने की बात कहती रही। सीआईएसएफ कमांडेंट ऋषि कौशिक ने बताया कि वह मामले को दिखवाएंगे।

अधीक्षण पुरातत्वविद डाॅ. स्मिथा एस कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। सीआईएसएफ से जवाब मांगा गया है। क्षेत्रीय निदेशक के साथ ही दिल्ली मुख्यालय काे घटना से अवगत कराया जाएगा।

ताजमहल पर मची अफरातफरी, छवि खराब

ताजमहल पर सीआईएसएफ जवानों द्वारा पर्यटकों से मारपीट किए जाने से अफरातफरी मच गई। उस समय वहां भारतीयाें के साथ ही विदेशी पर्यटक भी थे। मारपीट की वजह से वह डर गए। पर्यटन संस्थाओं ने सीआईएसएफ जवानों द्वारा पर्यटकों के साथ की गई मारपीट पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ताजमहल देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। वहां इस तरह का घटनाक्रम शर्मसार करने वाला है। इससे पर्यटकों में खराब संदेश जाएगा।

यह भी पढ़ें- कंगना रनौत ने बहन की फैमिली के साथ देखा ताजमहल, राहुल गांधी पर किया कटाक्ष- खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे

यह भी पढ़ें- ये ताजमहल की दीवानगी है... एक दिन में रिकॉर्ड 45 हजार पर्यटकों ने देखा खूबसूरत स्मारक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।