Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सूर सरोवर पक्षी विहार बना रामसर साइट

    By JagranEdited By:
    Updated: Sat, 14 Nov 2020 06:00 AM (IST)

    अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी अब पहचान दुनियाभर के पक्षी प्रेमी व शोधार्थी आएंगे

    सूर सरोवर पक्षी विहार बना रामसर साइट

    आगरा, जागरण संवाददात। दीपावली पर ताजनगरी को बड़ा तोहफा मिला है। सूर सरोवर पक्षी विहार (कीठम) रामसर साइट घोषित हो गया है। दुनियाभर के 30 हजार प्रवासी पक्षियों को हर वर्ष लुभाने वाला यह पक्षी विहार अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाना जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष मार्च में रामसर साइट के दर्जे के लिए पक्षी विहारों से आवेदन मांगे थे। चंबल सेंचुरी प्रोजेक्ट क्षेत्र में आने वाले आगरा के सूर सरोवर पक्षी विहार, मैनपुरी के समान पक्षी विहार और एटा के पटना पक्षी विहार के नाम भेजे गए थे। प्रदेश सरकार के प्रस्ताव पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने सूर सरोवर पक्षी विहार को रामसर साइट का दर्जा दिलाने को आफलाइन और आनलाइन ब्यौरा रामसर कंवेंशन स्विटजरलैंड को भेजा था। रामसर साइट घोषित होने के बाद अब यह पर्यटकों के लिए नया ठिकाना होगा, जिससे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। दुनियाभर के पक्षी प्रेमी और शोधार्थी भी यहां आएंगे। इससे पूर्व जनवरी में मैनपुरी के समान पक्षी विहार को रामसर साइट का दर्जा मिला था। रामसर वेटलैंड साइट

    वर्ष 1971 में ईरान के शहर रामसर में वेटलैंड (आ‌र्द्रभूमि) पर सम्मेलन हुआ था। रामसर कंवेंशन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने से पूर्व ईको सिस्टम, वाइल्ड लाइफ समेत कई मानकों पर जांच की जाती है। 160 देशों द्वारा रामसर कंवेंशन स्वीकार किया गया है। रामसर साइट में दर्ज होने से वेटलैंड को मिलने वाले बजट व अंतरराष्ट्रीय सहयोग में वृद्धि होती है।

    -----------------

    इन पक्षियों की सुनाई देता है कलरव

    सूर सरोवर पक्षी विहार में अक्टूबर से मार्च तक बार हेडेड गूज, फ्लेमिगों, पेलिकन, स्पून बिल, कूट, रेड क्रेस्टेड पोचार्ड, ग्रे क्रेस्टेड्र ग्रेब, ब्लैक टेल्ड गोविट, शावलर, ग्रे लेग गूज, कामन ग्रीन शेंक, कारमोरेंट, कामन सैंडपाइपर, स्पट बिल्ड डक, कांगो डक, व्हिसलिग टील, ब्लैक नेक्ड स्टार्क का कलरव सुनाई देता है।

    ------

    सूर सरोवर पक्षी विहार: एक नजर

    -सूर सरोवर पक्षी विहार का गजट 27 मार्च, 1991 को हुआ था।

    -पक्षी विहार 400 हेक्टेअर क्षेत्र में फैला है।

    -300 हेक्टेअर क्षेत्र में मानव निर्मित झील है। इसे गर्मियों में आगरा को पानी की आपूर्ति के लिए बनाया गया था।

    -विहार में करीब 80 प्रजातियों के पक्षी मिलते हैं, जो झील व जमीन पर रहते हैं।

    -यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों की संख्या करीब 20 हजार है।

    -यहां झील में करीब 60 प्रजाति की मछलियां हैं।

    ------

    सूर सरोवर पक्षी विहार रामसर साइट घोषित हो गया है। यह आगरा मंडल का दूसरा और प्रदेश का आठवां वेटलैंड है, जो कि अंतरराष्ट्रीय नक्शे में शामिल हुआ है। इसका सबसे अधिक फायदा विदेश से आने वाले उन पर्यटकों को होगा, जो कि घूमने के लिए वेटलैंड की सूची बनाते हैं।'

    -दिवाकर श्रीवास्तव, चीफ वार्डन वाइल्ड लाइफ

    -----------------------

    आगरा का चौथा अंतरराष्ट्रीय स्थल

    सूर सरोवर पक्षी विहार आगरा का चौथा स्थल है, जिसे अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली है। इससे पूर्व यूनेस्को द्वारा ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी को विश्व धरोहर घोषित कर अंतरराष्ट्रीय मान्यता दी जा चुकी है।