जयंत चौधरी करेंगे विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन, 12 को फतेहपुर सीकरी में रालोद की 'स्वाभिमान सभा'
रालोद 12 अक्टूबर को आगरा के फतेहपुर सीकरी में 'स्वाभिमान सभा' का आयोजन कर रहा है, जिसमें जयंत चौधरी मुख्य ...और पढ़ें

रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी।
HighLights
12 अक्टूबर को फतेहपुर सीकरी में रालोद की स्वाभिमान सभा।
जयंत चौधरी मुख्य अतिथि, विधानसभा सीट पर दावेदारी मजबूत करेंगे।
आगामी चुनाव से पहले रालोद का राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन।
विद्याराम नरवार, आगरा: विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपने-अपने सियासी समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। एनडीए में शामिल रालोद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी सियासी जमीन और विधानसभा सीटों पर दावेदारी को लेकर सक्रिय हो गया है। आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट पर पार्टी की नजर है। इसी रणनीति के तहत 12 अक्टूबर को जैंगारा में स्वाभिमान सभा का आयोजन किया जा रहा है।
रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस सभा को शक्ति प्रदर्शन के जरिए राजनैतिक दबाव से भी जोड़ा जा रहा है।
12 अक्टूबर को जैंगारा में जयंत चौधरी की मौजूदगी में सभा
फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र को लंबे समय से रालोद के प्रभाव वाले क्षेत्रों में गिना जाता रहा है। पार्टी समर्थक इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अपनी राजनीतिक विरासत से जोड़ते हुए सीट पर दावा करती रही है। हालांकि पिछले दो दशक में विधानसभा सीट पर बसपा और भाजपा का प्रभाव रहा है।
ऐसे में आगामी चुनाव में रालोद की दावेदारी को मजबूत करने के लिए इस सीट पर शक्ति प्रदर्शन करने की जरूरत महसूस हुई है। यह इसी का नतीजा है कि किरावली के जैंगारा में स्वाभिमान सभा का आयोजन किया जा रहा है। पूरी पार्टी इसकी सफलता के लिए जुटी हुई है।
एनडीए में सीट की दावेदारी मजबूत करने की कवायद तेज
पूर्व मंत्री मनवीर सिंह चिकारा को प्रभारी और मथुरा के एमएलसी योगेश नौहवार को सह प्रभारी बनाया गया है। रालोद की ओर से जैंगारा में होने वाली सभा को किसान, ग्रामीण और मजदूरों के स्वाभिमान से जोड़ा जा रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल द्वारा रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी पर की गई टिप्पणी को समाज और किसान के सम्मान से जोड़ा जा रहा है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने की तैयारी
सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने की तैयारी है। जयंत चौधरी की मौजूदगी से सभा को बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश होगी। राजनीतिक तौर पर देखा जाए तो सभा के जरिए रालोद फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक ताकत और समर्थक आधार को सामने रखना चाहता है।
चुनाव से पहले होने वाला यह आयोजन पार्टी के लिए जनसमर्थन का सार्वजनिक प्रदर्शन भी होगा। रालोद अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में सीटों की दावेदारी को आधार देने के लिए संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा रहा है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं मांट से आठ बार विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा? कांग्रेस में हुए शामिल, विधानसभा चुनाव से पहले खेला बड़ा दांव
पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर का है ये कहना
पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर का कहना है कि फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में हमारे सामाजिक समीकरण पार्टी की ताकत हैं। यही नहीं जिले की पांच सीटों पर रालोद के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। सभा के सह प्रभारी और एमएलसी मथुरा के योगेश नौहवार का कहना है कि फतेहपुर सीकरी की जनता में जबरदस्त उत्साह है। उन्हें के सम्मान और स्वाभिमान की यह सभा है।
