शिष्य की मौत के 9 दिन बाद संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम की अपील, रसिक दुलारी की मृत्यु पर संवेदनाएं व्यक्त
श्रीराधा केलिकुंज आश्रम ने रसिक दुलारी शरण की दुखद मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की है। आश्रम ने श्रद्धालुओं और आम ...और पढ़ें

संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम ने जारी की अपील।
HighLights
श्रीराधा केलिकुंज आश्रम ने रसिक दुलारी शरण की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की।
आश्रम ने संत प्रेमानंद की छवि धूमिल न करने की श्रद्धालुओं से अपील की।
पुलिस की निष्पक्ष जांच में आश्रम पूरा सहयोग कर रहा है।
संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। श्रीराधा केलिकुंज आश्रम ने शनिवार की शाम संदेश जारी कर रसिक दुलारी शरण की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की है। आश्रम से जारी संदेश में श्रद्धालुओं, साधकों और आम जनमानस से मामले को लेकर अपुष्ट जानकारी, अफवाह व अनुमान के आधार पर संत प्रेमानंद की छवि धूमिल न करने की अपील की है।
संदेश जारी कर मृत्यु पर संवेदनाएं
श्रीराधा केलिकुंज के इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर जारी संदेश में कहा है कि साधक दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की दुखद मृत्यु से संत प्रेमानंद व समस्त परिकर आहत है। ट्रस्ट साधक के परिवार के साथ पूरी तरह संवेदना व सहानुभूति प्रकट करता है।
आश्रम जांच में कर रहा है पूरा सहयोग
श्रीहित राधा केलिकुंज ट्रस्ट पुलिस की निष्पक्ष व तथ्यात्मक जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। जांच पूरी होने तक ट्रस्ट सभी श्रद्धालुओं, साधकों और आमजनमानस से किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी, अफवाह अथवा अनुमान के आधार पर संत प्रेमानंद व आश्रम की छवि को धूमिल करने वाला बयान अथवा प्रचार न करें। पुलिस की निष्पक्ष जांच में घटना के वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाएगा।
बरसाना में मिला संत प्रेमानंद का दीक्षित शिष्य अनुज
हाथरस जिले के सादाबाद थाना के बारामनी निवासी संत प्रेमानंद का दीक्षित शिष्य अनुज चौधरी शनिवार को बरसाना में मिल गया। उसे सादाबाद पुलिस के सिपुर्द किया गया है। 26 जून को संत प्रेमानंद से दीक्षा लेने वाला अनुज चौधरी अपने घर लौट गया और तीन जुलाई को संत प्रेमानंद के आश्रम जाने की कहकर घर से निकला था, लेकिन तब से उसका पता नहीं चला। तीन माह से स्वजन तलाश कर रहे थे। कई बार संत प्रेमानंद के आश्रम केलिकुंज भी आते थे, लेकिन आश्रम में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।
परिवार के लोग धरना पर बैठ गए थे
शुक्रवार को स्वजन का धैर्य जवाब दे गया और बेटे की तलाश में आश्रम के बाहर आठ घंटे तक धरना देते रहे। शनिवार को अनुज बरसाने के लाडली दास महाराज के आश्रम में मिल गया। स्वजन की ओर से प्रसारित की गई फोटो के आधार पर उसकी पहचान हुई। स्वजन ने सादाबाद में उसकी गुमशुदगी कराई थी, इसलिए सादाबाद पुलिस को सौंप दिया गया। पता चला है कि चार दिन पहले वह लाडली दास महाराज के आश्रम में आया था। बरसाना थाना के कस्बा प्रभारी गौरव तोमर ने बताया कि सादाबाद पुलिस अनुज से पूछताछ करेगी कि अब तक वह कहां-कहां रहा।
