रसिक दुलारी आत्महत्या मामला: परिवार और संत प्रेमानंद के अन्य शिष्यों से फिर होगी पूछताछ
पुलिस संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक की आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। आत्महत्या से ...और पढ़ें

संत प्रेमानंद और इनसेट में रसिक दुलारी का फाइल फोटो।
संवाद सूत्र, वृंदावन। संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक की आत्महत्या की गुत्थी अभी तक पुलिस सुलझा नहीं सकी है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगाने से पहले दीपक ने अपना गुप्तांग क्यों काटा। इधर घटना से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें रसिक दुलारी कूदने से पहले छत पर बेचैन घूम रहा है।
स्वजन से पूछताछ करने से साथ ही आश्रम में भी करीब तीन दर्जन लोगों से अलग-अलग पूछताछ की गई, लेकिन अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका है। अब पुलिस ने फिर दीपक के स्वजन को बुलाया है, उनसे दीपक के बारे में पूरी जानकारी ली जाएगी। संत प्रेमानंद के आश्रम श्रीराधा केलिकुंज में अलग-अलग शिष्यों के समूह की अगुवाई करने वालों से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस ने मोबाइल और ब्लड नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा था, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ सकी है। मध्य प्रदेश जबलपुर के नर्मदा बस्ती फरहदुली निवासी दीपक दो वर्ष पहले वृंदावन आए और यहां संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली। यहां उन्होंने अपना नाम बदलकर रसिक दुलारी शरण रख लिया था।
संत प्रेमानंद के श्रीराधा केलिकुंज आश्रम से चंद कदम की दूरी पर राधावाटिका वाली गली में गुरुकृपा कुंज नामक बने चार मंजिला अपार्टमेंट में प्रेमानंद के शिष्य युगल नेही शरण के साथ रह रहे थे। 25 सितंबर की सुबह साढ़े 10 बजे उन्होंने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पूर्व उन्होंने कमरे में ग्राइंडर से अपना गुप्तांग काटा।
अपार्टमेंट में मिली सीसीटीवी से पुलिस को यह तो पता चल गया कि दीपक ने आत्महत्या की है, लेकिन गुप्तांग काटने का रहस्य बड़ा सवाल है। पूर्व में पुलिस ने दीपक के स्वजन से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले दीक्षा लेने वाले दीपक से मिलने के लिए कई बार स्वजन आए, लेकिन आश्रम प्रबंधन ने मिलने नहीं दिया।
अब फिर पुलिस ने स्वजन को बुलाया है, उससे दीपक को लेकर फिर पूछताछ की जाएगी। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया पुलिस हर बिंदु की जांच कर रही है। थोड़ा समय जरूर लग रहा है। लेकिन जल्द ही पूरे घटनाक्रम का राजफाश कर दिया जाएगा।
