विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में साक्षी महाराज की मांग, रमाडा चौराहा हो कल्याण सिंह के नाम प्रतिमा भी लगे

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:01 PM (GMT+05:30)

उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित रमाडा होटल चौराहा का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के नाम पर करने और उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कल्याण सिंह के राम मंदिर आंदोलन में योगदान और सर्वसमाज में उनकी लोकप्रियता को रेखांकित किया, यह मांग एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में उठाई गई।

आगरा में एक कार्यक्रम में आए साक्षी महराज।

आगरा में एक कार्यक्रम में आए साक्षी महराज।

HighLights

  1. साक्षी महाराज ने कल्याण सिंह के नाम पर चौराहा करने की मांग की।

  2. पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग।

  3. राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह के योगदान को सराहा।

जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित कलाल खेरिया में आयोजित 32वें सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने रमाडा होटल चौराहा का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के नाम पर करने और वहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बाबूजी कल्याण सिंह सिर्फ लोधी समाज ही नहीं, सर्वसमाज के लोकप्रिय नेता थे। राम मंदिर आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और ऐतिहासिक योगदान को देश सदैव याद रखेगा। इस स्थान का लोधी समाज से ऐतिहासिक जुड़ाव भी रहा है, इसलिए यहां उनकी प्रतिमा स्थापित करना सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी विकास समिति द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में साक्षी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शहनाइयों की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 31 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। सांसद ने नवदंपतियों को सुखी एवं खुशहाल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

बोले- राम मंदिर आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री का योगदान देश सदैव याद रखेगा

कार्यक्रम संयोजक प्रकाश राजपूत ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक है। इससे विवाह में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची और दिखावे पर रोक लगती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी सम्मानपूर्वक अपने बच्चों का विवाह कराने का अवसर मिलता है।

सांसद साक्षी महाराज ने सामूहिक विवाह सम्मेलन में उठाई मांग

अध्यक्षता निहाल सिंह भोले ने और संचालन गिर्राज सिंह राजपूत ने किया। विशिष्ट अतिथि प्रमोद लोधी और साहब सिंह लोधी रहे। इस अवसर पर मिश्रीलाल राजपूत, मोहन सिंह लोधी, विजय सिंह लोधी, तेजवीर सिंह प्रधान, डॉ. लाल सिंह राजपूत, उमेंद्र राजपूत, बबलू लोधी और टिंकू राम लोधी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- आगरा के एत्मादपुर में आकाश आनंद की जनसभा, चुनाव से पहले बसपाइयों में भरेंगे जोश

यह भी पढ़ें- 550 डिब्बों में निकले पुराने और फटे जूते, आगरा में नामी ऑनलाइन साइट के नाम पर धोखाधड़ी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।