विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में दीपावली पर आतिशबाजी से हवा में घुला प्रदूषण का जहर, PM2.5 और पीएम10 की मात्रा बढ़ी

Published: Tue, 10 Nov 2026 10:59 AM (IST)

दीपावली पर आगरा में आतिशबाजी से हवा में प्रदूषण का जहर पिछले साल से अधिक घुल गया। धूल कणों (पीएम10) ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दीपावली पर आगरा में वायु प्रदूषण पिछले साल से अधिक बढ़ा।

  2. पीएम10 और पीएम2.5 की मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

  3. ध्वनि प्रदूषण भी मानक स्तर से काफी ऊपर रहा।

जागरण संवाददाता, आगरा। दीपावली पर शहर में शाम ढलने के साथ शुरू हुए आतिशबाजी के धूम-धड़ाके ने रविवार को हवा में जमकर प्रदूषण का जहर घोला। 2025 की अपेक्षा 2026 में हवा में घुले धूल कणों (पीएम10) और अति सूक्ष्म कणों (पीएम2.5) की मात्रा अधिक दर्ज की गई। बारूद की गंध और हवा में धूल कणों और अति सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ने से घुटन के साथ आंखों में जलन की समस्या हुई।

बमों की आवाज से कान सुन्न हो गए, हालांकि पिछली दीपावली की अपेक्षा इस बार ध्वनि प्रदूषण (शोर का स्तर) कम रहा। मानक से अधिक वायु और ध्वनि प्रदूषण की वजह से बीमार, बुजुर्ग और बच्चे अधिक परेशान नजर आए। शोर होने से पशु-पक्षी भी व्याकुल दिखे।

संवेदनशील ताजमहल और औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में किया गया अध्ययन

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा दीपावली से पहले (एक नवंबर) और दीपावली के दिन (आठ नवंबर) को शहर में संवेदनशील क्षेत्र ताजमहल और औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में वायु गुणवत्ता की जांच की गई। ताजमहल पर दीपावली पूर्व पीएम10 254 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर थे, जो दीपावली पर बढ़कर 316 तक पहुंच गए। दीपावली पूर्व जो पीएम 2.5 168 थे, वह दीपावली पर बढ़कर 216 तक पहुंच गए। यह सीपीसीबी द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार 24 घंंटे में 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक नहीं होने चाहिए थे।

इसी तरह नुनिहाई में पीएम 10 239 से बढ़कर 340 तक पहुंच गए। दोनों स्थानों पर पिछली दीपावली की अपेक्षा पीएम2.5 और पीएम10 की मात्रा अधिक दर्ज की गई। सल्फर डाइ-आक्साइड (एसओटू) और नाइट्रोजन डाइ-आक्साइड (एनओटू) बिलो डिटेक्शन लिमिट (बीडीएल) रहे।

जीपीआरए कॉलोनी व एचआर एस्टेट में मानक के डेढ़ गुणा से अधिक शोर

सीपीसीबी ने शाम छह से रात 12 बजे तक की अवधि में शहर में दो आवासीय क्षेत्रों जीपीआरए कालोनी करकुंज और एचआर एस्टेट बिचपुरी राेड में शोर का स्तर मापा। जीपीआरए कालोनी में एक नवंबर को शोर का जो औसत 58.40 डेसिबल था, वह आठ नवंबर को बढ़कर 76.42 डेसिबल तक पहुंच गया। एचआर एस्टेट में दीपावली पूर्व शोर का जो औसत 57.91 डेसिबल था, वह दीपावली के दिन बढ़कर 75.32 डेसिबल तक पहुंच गया। यह पिछली दीपावली से थोड़ा कम रहा।

रात में शोर का स्तर 45 डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए

सीपीसीबी द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार आवासीय क्षेत्र में रात में शोर का स्तर 45 डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए। दीपावली पर शोर का स्तर मानक के डेढ़ गुणा से अधिक रहा। जीपीआर कालोनी में रात 11 से 12 बजे शोर का अधिकतम स्तर 114 डेसिबल तक पहुंच गया, जबकि एचआर एस्टेट में रात 8 से 9 बजे के मध्य शोर का अधिकतम स्तर 115 डेसिबल दर्ज किया गया।

दीपावली के पूर्व और दीपावली के दिन वायु गुणवत्ता की स्थिति

1 नवंबर (सामान्य दिवस): स्थान, एसओटू, एनओटू, पीएम10, पीएम2.5

ताजमहल, बीडीएल, 20, 254, 168

नुनिहाई, बीडीएल, 33, 239, 181

8 नवंबर (दीपावली के दिन): स्थान, एसओटू, एनओटू, पीएम10, पीएम2.5

ताजमहल, बीडीएल, 17, 316, 216

नुनिहाई, बीडीएल, बीडीएल, 340, 180

दीपावली से पूर्व और दीपावली के दिन ध्वनि प्रदूषण की स्थिति (औसत)

2026 स्थान, 1 नवंबर, 8 नवंबर

जीपीआरए कॉलोनी करकुंज, 58.40, 76.42

एचआर एस्टेट बिचपुरी राेड, 57.91, 75.32

2025: स्थान, 13 अक्टूबर, 20 अक्टूबर

जीपीआरए कॉलोनी करकुंज, 76.81, 88.80

एचआर एस्टेट बिचपुरी राेड, 58.25, 80.06

दीपावली पर शोर का अधिकतम स्तर: समय, जीपीआर कालोनी, एचआर एस्टेट

  • शाम 6 से 7, 100.3, 96.4
  • शाम 7 से 8, 106, 100.9
  • रात 8 से 9, 109, 115.3
  • रात 9 से 10, 107.9, 109.9
  • रात 10 से 11, 112.7, 102.1
  • रात 11 से 12, 114, 96.9

पांच वर्षाें में दीपावली पर वायु गुणवत्ता की स्थिति: ताजमहल

वर्ष, एसओटू, एनओटू, पीएम10, पीएम2.5

  • 2022, बीडीएल, 21, 214, 158
  • 2023, बीडीएल, 12, 453, 415
  • 2024, बीडीएल, 23, 353, 270
  • 2025, बीडीएल, 18, 289, 195
  • 2026, बीडीएल, 17, 316, 216


नुनिहाई

  • 2022, बीडीएल, 33, 304, 224
  • 2023, बीडीएल, 26, 496, 461
  • 2024, बीडीएल, 37, 410, 375
  • 2025, बीडीएल, 17, 220, 152
  • 2026, बीडीएल, बीडीएल, 340, 180

सीपीसीबी द्वारा 24 घंटे के लिए निर्धारित मानक

  1. एसओटू: 80 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर
  2. एनओटू: 80 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर
  3. पीएम10: 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर
  4. पीएम2.5: 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर

यह भी पढ़ें- दलितों का दम दिखाएगी बसपा: 90 हजार कार्यकर्ता जाएंगे लखनऊ, आकाश आनंद की आगरा में सभा

यह भी पढ़ें- आगरा में गणित के शिक्षक ओम प्रकाश यादव की हत्या: गला काटकर किए थे नौ प्रहार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।