विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Attack on Police in UP: आगरा में खनन माफिया के गुर्गों का दुस्साहस, पुलिस टीम पर हमले के दौरान सिपाही की हत्या

By Tanu GuptaEdited By:
Published: Sun, 08 Nov 2020 07:44 AM (IST)Updated: Sun, 08 Nov 2020 11:11 AM (IST)

Murder of Police Constable खेरागढ़ की घटना। राजस्थान से बालू से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने पर दिखाया दुस्साहस। ट्रैक्टर के ...और पढ़ें

गाड़ी से उतरकर ट्रैक्टर रोकने का प्रयास करने पर ट्रैक्टर चढ़ाया गया।
गाड़ी से उतरकर ट्रैक्टर रोकने का प्रयास करने पर ट्रैक्टर चढ़ाया गया।

आगरा, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में पुलिस के इकबाल को लगातार चुनौती दी जा रही है। कानपुर के चौबेपुर के बिकरू गांव के बाद अब आगरा में पुलिस टीम पर हमला बोला गया। आगरा के खैरागढ़ में खनन माफिया गे कुछ गुर्गों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान इन लोगों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर सिपाही की हत्या कर दी और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। अब पुलिस यहां पर लकीर पीटने में लगी है। 

आगरा के खेरागढ़ में रविवार को तड़के पुलिस को खनन माफिया के गुर्गो के सैंया थाना क्षेत्र में आने की सूचना मिली। पुलिस को अवैध खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली राजस्थान से आगरा की ओर आने की खबर मिली थी। इस सूचना के बाद थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, कांस्टेबल सोनू कुमार चौधरी, सुधीर, सूरज, सुनील और शिशुपाल के साथ गाड़ी इनकी तलाश में निकल पड़े। टीम ने बहुत देर तक खेरागढ़- सैंया रोड पर इंतजार किया, लेकिन तब तक बालू ला रहे ट्रैक्टर नहीं आए।

इसके बाद पुलिस टीम थाने की ओर रवाना होने लगी तभी खेरागढ़ क्षेत्र के गांव सोन का बड़ा नगला के पास पांच- छह ट्रैक्टर-ट्राली दिखी। गाड़ी से उतरकर सिपाही सोनू ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी पास में थे। ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी रोकने की जगह चाल और तेज कर ट्रैक्टर सिपाही सोनू के ऊपर चढ़ा दिया। उसने ट्रैक्टर से सोनू को कुचल दिया। इसके बाद वह फायरिंग करते हुए साथियों के साथ दूसरे ट्रैक्टर से भाग निकला। सभी के पास असलहे थे और यह लोग पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले। 

बलिदानी सोनू के शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सिपाही सोनू के शरीर को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। तब तक उनकी सांसें थम चुकी थी। बालू भरा ट्रैक्टर चढऩे से सिपाही सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। बलिदानी सिपाही सोनू कुमार चौधरी अलीगढ़ के जट्टारी के रहने वाले हैं। उन्होंने 2018 में पुलिस फोर्स ज्वाइन की थी।

गांव से निकलते हैं खनन माफिया

हाईवे के टोल प्लाजा और सैंया चौराहा को बचाने के लिए वह गांव के लिंक रोड से निकल रहे थे। राजस्थान से अवैध खनन कर बालू ले जाने वाले माफिया के ट्रैक्टर ट्राली गांवों की पगडंडियों से होकर गुजरते हैं। इनके आगे एक गाड़ी एस्कोर्ट करती हुई चलती है। यह लोग गाड़ी रोकने पर फायरिंग कर देते हैं। इससे पहले भी कई बार घटनाएं हो चुकी हैं।

अब जोरों पर दबिश

पुलिस इस घटना के बाद अब खनन माफिया के गुर्गों की तलाश में दबिश दे रही है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया खनन माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाकर सिपाही की हत्या की है। हम सभी आरोपियों को जल्द ढूंढ कर सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद पूरे जिले की फोर्स के साथ पहुंचे हैं। आसपास के क्षेत्र में खनन माफिया के गुर्गों की तलाश की जा रही है।