Agra Crime News: स्कूल नहीं जाने पर माता-पिता ने बेच दी बेटी, खरीदार कर रहे थे लड़की से देह व्यापार
आगरा पुलिस जयपुर से लाई गई एक बालिका के परिवार को ढूंढने में मुश्किलों का सामना कर रही है। बालिका ने बताया कि उसे स्कूल न जाने के कारण माता-पिता ने पांच साल की उम्र में बेच दिया था। वह तीन साल पहले आगरा लाई गई थी और उससे देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस जयपुर में लापता बालिकाओं की सूची खंगाल रही है।

जागरण संवाददाता, आगरा। जयपुर से खरीदी बालिका को बरामद करने के एक महीने परिवार को खोजना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है। काउंसलिंग में बालिका की कहानी ने पुलिस को उलझा दिया है। उसे स्कूल नहीं जाने पर माता-पिता ने पांच वर्ष की आयु में बेच दिया था। तीन वर्ष पहले आगरा लाया गया था। दंपती द्वारा बालिका से देह व्यापार कराया जा रहा था।
राजकीय शिशु गृह में रखी गई बालिका काउंसलिंग में भी जयपुर में अपना पता नहीं बता सकी है। परिवार को खोजने जयपुर गई पुलिस टीम दो बार खाली हाथ लौट चुकी है। जयपुर पुलिस से नौ वर्ष के दौरान लापता बालिकाओं की सूची हासिल करने का प्रयास कर रही है। जिससे बालिका के परिवार तक पहुंचा जा सके।
बालिका से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था
सदर पुलिस ने बुंदू कटरा क्षेत्र से पुलिस ने एक महीने पहले गीता नामक महिला से नौ वर्ष की बालिका को रेस्क्यू किया था। बालिका से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। गीता ने बताया कि बालिका को सदर क्षेत्र के रहने वाले कुनाल उसकी पत्नी से खरीदा था। कुनाल दंपती बालिका को जयपुर से लेकर आए थे। पुलिस ने गीता उसके पति, दोनों बेटों और कुनाल को जेल भेज दिया।
माता और पिता को खाेज नहीं सकी पुलिस
बालिका के माता-पिता को पुलिस अभी तक नहीं खोज सकी। उसे फिलहाल राजकीय शिशु गृह में रखा गया है।यहां पर बालिका ने काउंसलिंग में बताया कि उसे स्कूल नहीं जाने के चलते माता-पिता ने पांच वर्ष की उम्र में 60 हजार में बेच दिया था। बालिका की कहानी ने पुलिस को उलझा दिया है। पुलिस का मानना है कि माता-पिता स्कूल नहीं जाने पर अपने बच्चे को नहीं बेच सकते हैं।
आशंका है कि बालिका को बेचने वालों ने भी उसे कहीं से अगवा किया होगा। कुछ समय अपने पास रखने के बाद आगरा के दंपती को बेच दिया। एसीपी सदर हेमंत कुमार ने बताया कि बालिका के परिवार का पता लगाने के लिए जयपुर से आठ वर्ष के दौरान गायब हुई बालिकाओं की जानकारी हासिल की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।