Move to Jagran APP

आगरा में बोले ओलिंपियन विजेंद्र सिंह, अगले खेल मंत्री हम ही हैं, चिंता मत कीजिए

हरियाणा खेल में नंबर वन था आज बेरोजगारी में नंबर वन है। कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा में आगरा आए हुए हैं विजेंद्र सिंह। युवा खिलाड़ी मेहनत करें और शॉर्ट कट न अपनाएं। मेहनत करने से ही सफलता मिलती है।

By Nirlosh KumarEdited By: Published: Sun, 31 Oct 2021 03:43 PM (IST)Updated: Sun, 31 Oct 2021 03:43 PM (IST)
आगरा में बोले ओलिंपियन विजेंद्र सिंह, अगले खेल मंत्री हम ही हैं, चिंता मत कीजिए
कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा में शामिल हुए विजेंद्र सिंह।

आगरा, जागरण संवाददाता।  कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा में आगरा आए ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह से क्रिकेटर सुरेश रैना के गाजियाबाद से चुनाव लड़ने के सवाल पर जब पूछा गया कि क्या आप विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा कि अगले खेल मंत्री हम ही हैं, आप चिंता मत कीजिए। इस पर ठहाके गूंज उठे।

loksabha election banner

ओलिंपियन विजेंद्र सिंह रविवार दोपहर बिजलीघर चौराहा स्थित आंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मीडिया से रूबरू थे। सरकार के खिलाड़ियों के लिए काम करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हरियाणा कभी खेल में नंबर वन था, आज बेरोजगारी में नंबर वन है। सबको पता है कि उप्र को ओलिंपिक गेम्स में कितने पदक मिले हैं। आज हम आगरा में हैं। यहां कितने स्टेडियम हैं, जिनमें खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं हैं। हम एक सोच लेकर आए हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा की सोच है, उसे हम जन-जन तक लेकर जाएंगे। उन्होंने राजनीति में करियर के सवाल पर कहा कि हम काम कर रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की आवाज लेकर जनता तक जा रहे हैं। अच्छा रिस्पोंस मिल रहा है। युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी मेहनत करें और शॉर्ट कट न अपनाएं। मेहनत करने से ही सफलता मिलती है।

हमें अनुमति की आवश्यकता नहीं

पूर्व सांसद जफर अली नकबी ने कहा कि आज की सरकार नफरतों की सरकार है। हिंदुस्तान ने हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब, प्यार-मोहब्बत और मिल-जुलकर रहने, अमन का पैगाम दिया है। उसे इस सरकार ने खत्म कर दिया है। हर तरफ नफरत की आग है, जहर बो दिया गया है। सरकार के वादे झूठ का पुलिंदा साबित हुए हैं, न बैंक में पैसा आया और न किसानों का कर्जा माफ हुआ। कांग्रेस के सात सूत्रीय वादों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। यह वादे नहीं, प्रतिज्ञाए हैं। मनमोहन सिंह सरकार ने अपने सभी वादे पूरे किए थे। किसानों का 72 हजार करोड़ रुपये, बुनकरों का छह हजार करोड़ रुपये और किसानों का बिजली बिल माफ किया। अन्य किसी भी दल ने अपने वादे पूरे नहीं किए। उप्र में पार्टी की खराब स्थिति पर उन्होंने कहा कि हम नहीं कह रहे हैं कि पहले नंबर पर आएंगे। जनता ने यात्रा में विश्वास जताया है और वो आगे आई है। हमें उम्मीद है कि उप्र में हमारी सरकार बनेगी। अागरा में प्रतिज्ञा यात्रा को अनुमति नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोदी जी को वाराणसी और योगी जी को लखनऊ में अनुमति मिल सकती है, लेकिन कांग्रेस को नहीं। हमें अनुमति की आवश्यकता नहीं है। जब आप कर रहे हैं तो हम भी करेंगे। उसूल के पाबंद हैं। दोरंगी राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने गठबंधन से इन्कार करते हुए अकेले चुनाव लड़ने और यात्रा के बाद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा प्रत्याशियों पर निर्णय लेने की बात कही।

शर्म करें भाजपा की महिला नेत्रियां

कांग्रेस नेत्री डाली शर्मा ने महंगाई पर भाजपा नेत्रियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि रसोई से टमाटर, आलू, प्याज, सब्जी, फल गायब हो गए हैं। औरतें गैस छोड़कर चूल्हे पर आने को मजबूर हैं। भाजपा की महिला नेत्रियों को शर्म आनी चाहिए कि वो हथिनी पर तो बोल सकती हैं, लेकिन महंगाई पर चुप हैं। पहले महंगाई को लेकर वो चूड़ी लेकर बैठ जाती थीं, लेकिन अब अपने घरों आैर महलों से भी बाहर नहीं निकलती हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.