किसानों का नुकसान: आगरा में नहर टूटने से 60 बीघा आलू की फसल डूबी, सिंचाई विभाग की लापरवाही
Agra News: नहरों की सिल्ट सफाई न होने से आगरा के अछनेरा क्षेत्र में फतेहपुर सीकरी शाखा और कीठम स्केप ...और पढ़ें

खेत में घुसा पानी।
HighLights
सिल्ट सफाई न होने से आगरा में नहर टूटी।
लगभग 65 बीघा आलू की फसल जलमग्न हुई।
किसानों ने मुआवजे और जांच की मांग की।
जागरण संवाददाता, आगरा। नहरों में पानी छोड़े जाते ही उनकी सफाई की पोल खुल गई। अछनेरा क्षेत्र के गोबरा और कीठम गांव में नहर टूटने और ओवरफ्लो होने से कर्ज लेकर बोई गई लगभग 60 बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई। सिंचाई विभाग की लापरवाही से महीनों की किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। सिंचाई विभाग के प्रति किसानों में आक्रोश है।
गोबरा गांव के पास फतेहपुर सीकरी शाखा (एफएस ब्रांच) नहर टूटने से करीब 60 बीघा फसल में पानी भर गया। वहीं, कीठम स्केप नहर ओवर फ्लो होने से लगभग पांच बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का आरोप है कि लंबे समय से नहरों की सिल्ट सफाई नहीं कराई गई थी। सोमवार रात अचानक पानी छोड़ने से नहर उफान पर आ गई और पानी खेतों में घुस गया।
किसानों का आरोप सिल्ट सफाई न होने से टूटी नहर, किसानों को भारी नुकसान
कीठम में प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में भी पानी भर गया। घटना की जानकारी पर भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर और विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर किसानों से नुकसान की जानकारी ली। मोहन सिंह चाहर ने तत्काल क्षति का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, डा. रामेश्वर चौधरी ने अधिकारियों को नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट भेजने को कहा है।
किसान नेताओं ने नुकसान का आंकलन कर किसानों को मुआवजा दिए जाने की उठाई मांग
रुनकता के बाबी, ज्ञान सिंह आदि किसानों का कहना है कि आलू की फसल में पानी भरने से कंद सड़ने का खतरा है। पहले से ही आलू के कम दामों से परेशान किसानों के सामने अब नई मुसीबत खड़ी हो गई है। ये किसान हुए हैं प्रभावित
गोबरा गांव के पास एफएस ब्रांच नहर टूटने से राजू, डालचंद, दीनदयाल, झगडू, नीरज, रामबाबू। वहीं, कीठम स्केप नहर टूटने से किसान सुभाष चंद, हर किशोर, राम चरण आदि किसानों की आलू की फसलें जलमग्न हो गई हैं।
यह भी पढ़ें- चार साल के मासूम ने खेल-खेल में निगला लॉकेट, पांच दिन गले में अटका रहा; आगरा में डॉक्टरों ने बचाई जान
यह भी पढ़ें- PWD का गजब खेल: जनता के लिए महीने भर से अटका काम, CM के आगरा दौरे में 24 घंटे में बना दी सड़क
अधिशासी अभियंता सिंचाई ने नहीं दिया जवाब
इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता नीरजपाल सिंह से उनका पक्ष जानना चाहा। उन्हें फोन किया। व्हाट्सएप किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।