विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PWD का गजब खेल: जनता के लिए महीने भर से अटका काम, CM के आगरा दौरे में 24 घंटे में बना दी सड़क

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:19 AM (IST)

Agra News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा दौरे के चलते लोक निर्माण विभाग ने एक महीने से लंबित सड़क का ...और पढ़ें

Agra News: बारहखंभा-अर्जुन नगर रोड पर बनी सड़क। जागरण

Agra News: बारहखंभा-अर्जुन नगर रोड पर बनी सड़क। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री के दौरे के कारण 24 घंटे में बनी सड़क।

  2. जनता के लिए एक महीने से अटका था काम।

  3. खेरिया मोड़-ईदगाह आरओबी 90 दिनों के लिए बंद।

जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: लोक निर्माण विभाग हो या फिर रेलवे और नगर निगम। इन तीन विभागों ने चार लाख लोगों की राह में महीनेभर से रोड़े बिछा रखे थे। सड़क निर्माण को लेकर व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों ने तीन से चार बार धरना दिया। विरोध प्रदर्शन किया। मगर, सड़क नहीं बनी। पाइप की लाइन टूटने पर लोगों को गुजरना पड़ा।

मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के चलते लोक निर्माण विभाग ने 24 घंटे में बारहखंभा रोड से अर्जुननगर मोड़ तक सड़क बना दी है। बाकी सड़क आज बनेगी। इसके चलते यातायात में बदलाव किया गया है।

आरओबी को बंद करने का लिया निर्णय

नई दिल्ली-आगरा रेल खंड पर 50 साल पुराना खेरिया मोड़-ईदगाह आरओबी है। आठ माह में तीन बार आरओबी को बंद करने का निर्णय लिया गया लेकिन यातायात अधिक होने के कारण पुलिस ने अनुमति नहीं दी। 17 अक्टूबर की सुबह रेलवे ने आरओबी को बंद कर दिया। पुल बंद होने से पूर्व रुई की मंडी से बारहखंभा, नगला छउआ सहित अन्य सड़कों की मरम्मत नहीं की गई। यह सड़कें पहले से ही उखड़ी पड़ी हैं। आरओबी बंद होने से चार लाख लोगों की परेशानी बढ़ गई। दो सप्ताह पूर्व रेलवे ने लोक निर्माण विभाग को 80 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हुआ।

17 अक्टूबर से 90 दिनों के लिए बंद है खेरिया मोड़-ईदगाह आरओबी

सोमवार को जैसे ही मुख्यमंत्री के दौरे का कार्यक्रम तय हुआ। विभागीय अधिकारियों ने ताकत झोंक दी। एक साथ दो रोलर, चार बैकहो लोडर और 70 मजदूरों को लगा दिया गया। बाहरखंभा से अर्जुननगर मोड़ तक रोड बनकर तैयार हो गई। डीएम मनीष बंसल सहित अन्य अधिकारियों ने संबंधित रूट का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर 3.45 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिवार से करेंगे मुलाकात, कल आगरा आएंगे सीएम

दिवंगत विधायक के आवास पर पहुंचेंगे सीएम

एयरपोर्ट से बारहखंभा, नगला छउआ से ईदगाह होते हुए विभव नगर, शमसाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटे लाल के आवास पहुंचेंगे। 20 मिनट तक स्वजन से मुलाकात करेंगे और फिर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए 24 घंटे में दोनों तरफ की सड़कों का निर्माण शुरू हो गया। रोड बनने से लोगों ने राहत की सांस ली। मुख्य अभियंता लोक निर्माण एनके यादव ने बताया कि संबंधित रूट की रोड का निर्माण मंगलवार सुबह 11 बजे तक पूरा हो जाएगा।

चला सफाई अभियान, हटाया अतिक्रमण

नगर निगम की टीम ने खेरिया मोड़ से लेकर विभव नगर शमसाबाद रोड तक अतिक्रमण विरोधी और सफाई अभियान चलाया। विधायक के आसपास के पास की रोड की मरम्मत की गई। मैनहोल को ठीक कराया गया। रंगाई-पुताई कराई गई। वहीं पिछले माह नगर निगम की टीम ने होटल अमर से विभव नगर तक एक लेन का निर्माण किया था।

ईदगाह आरओबी और अर्जुन नगर में चार पहिया, व्यवसायिक वाहन आज रहेंगे प्रतिबंधित

अर्जुन नगर तिराहे से बारह खंभा रेलवे फाटक तक लोक निर्माण विभाग द्वारा मंगलवार को सड़क निर्माण का कार्य कराया जा जाएगा। ईदगाह रेल ओवर ब्रिज (आरओबी)और अर्जुन नगर की ओर चार पहिया एवं व्यवसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह ने बताया कि सिर्फ दोपहिया वाहनों को ही निकलने दिया जाएगा। यातायात ने जाम से बचने के लिए लोगों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की। एंबुलेंस काे प्राथमिकता देते हुए रास्ता देने की कहा।

इन मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

  • खेरिया चौराहा से अर्जुन नगर की ओर
  • रुई की मंडी से डबल फाटक की ओर
  • ईदगाह चौराहा से नगला छउआ होते हुए अर्जुन नगर की ओर
  • उक्त मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा एवं चार पहिया वाहनों का आवागमन भी पूरी प्रतिबंधित रहेगा

मार्ग परिवर्तन

खेरिया चौराहा से अर्जुन नगर होकर ईदगाह चौराहा जाने वाले सभी व्यवसायिक वाहन, तीन पहिया एवं चार पहिया वाहन, खेरिया चौराहे से मलपुरा नहर चौराहा, रोहता चौराहा, मधुनगर चौराहा, अल्लाहबख्श चौराहा, क्लब चौराहा (अवंतीबाई लोधी चौराहा) और सुल्तानपुरा चौराहा होते हुए ईदगाह चौराहा की ओर जाएंगे।

ईदगाह चौराहा से अर्जुन नगर होकर खेरिया चौराहा जाने वाले वाहन ईदगाह चौराहा से सुल्तानपुरा चौराहा, क्लब चौराहा अल्लाहबख्श चौराहा, थाना सदर, मधुनगर चौराहा, रोहता चौराहा और मलपुरा चौराहा से होकर जाएंगे।

हेल्प लाइन नंबर, 9454457886

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।