कैसे होगा MLC चुनाव? किस उंगली पर लगेगी स्याही और मतपत्र पर मुहर, आगरा DM मनीष बंसल ने दी ट्रेनिंग
आगरा में विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मतदान कार्मिकों को मतपत्र और मतपेटिका ...और पढ़ें

मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के दौरान डीएम मनीष बंसल।
HighLights
मतदान कार्मिकों को मतपत्र और मतपेटिका के उपयोग का प्रशिक्षण
स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए अलग-अलग उंगली पर स्याही
मतदान 23 अक्टूबर को, वैकल्पिक पहचान पत्रों से भी वोट
जागरण संवाददाता, आगरा। विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के मतदान में मतपत्र और मतपेटिका का इस्तेमाल किया जाएगा। सोमवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में पीठासीन अधिकारियों (पीओ), प्रथम मतदान अधिकारी और द्वितीय मतदान अधिकारी को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मतदाता की पहचान करने, मतपत्र जारी करने, उस पर वरीयता अंकित कराने और मतपेटिका तैयार कर सील करने की प्रक्रिया के साथ मतदाता सूची के आधार पर पहचान सुनिश्चित करने और मतपत्र वितरण व स्याही लगाने की जिम्मेदारी भी समझाई गई।
स्नातक निर्वाचन के मतदाता की बाईं तर्जनी, जबकि शिक्षक निर्वाचन के मतदाता की बाईं मध्यम उंगली पर स्याही लगाई जाएगी। मतपत्र पर निर्धारित मुहर और हस्ताक्षर किए जाएंगे। वरीयता अंकित करने के लिए केवल निर्धारित बैंगनी स्केच पेन का इस्तेमाल कराया जाएगा।
डीएम ने मतदान कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
डीएम मनीष बंसल ने कहा कि मतदाताओं के प्रवेश से लेकर पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंधित प्रचार सामग्री मिलने पर उसे हटवाया जाए। मतदान की प्रगति का विवरण पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे में डायरी में अपडेट करेंगे।
मतदान समाप्त होने पर मतपेटिका सील कर सभी अभिलेख और सामग्री निर्धारित केंद्र पर जमा कराई जाएगी। प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इन दस्तावेजों से भी कर सकते हैं मतदान
अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान ने बताया कि 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। उपलब्ध न होने पर आयोग द्वारा अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर पहचान सत्यापित की जाएगी। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी या मान्य सेवा पहचान पत्र, सांसद-विधायक-पार्षद का सरकारी पहचान पत्र, संबंधित शैक्षिक संस्थान का सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र, दिव्यांगता का मूल प्रमाणपत्र और यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं।
17 अक्टूबर को दूसरा प्रशिक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान कार्मिकों का दूसरा प्रशिक्षण 17 अक्टूबर को होगा। इसमें पीओ, पी-1, पी-2 और पी-3 शामिल होंगे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी 22 अक्टूबर को मंडी समिति, टूंडला रोड से होगी, जबकि 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे मतदान शुरू होगा।
यह भी पढ़ें- एमएलसी चुनाव 2026: आगरा से सपा प्रत्याशी शशांक यादव और आकाश अग्रवाल ने किया नामांकन
यह भी पढ़ें- एमएलसी चुनाव 2026: पत्नी के पास 1.11 लाख कैश... जानिए कितने अमीर हैं आगरा से भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी?
पहचान के बाद ही जारी होगा मतपत्र
मतपत्र जारी करने से पहले मतदाता की पहचान का सत्यापन करना होगा। प्रतिपर्ण पर हस्ताक्षर नहीं होंगे। मतदान शुरू होने से पहले मतपेटिका उम्मीदवारों या उनके मतदान अभिकर्ताओं को खाली दिखाकर सील की जाएगी।
