MLC Election 2022: जानिए कौन हैं सपा के पूर्व विधायक आशीष यादव, जिन्हें भाजपा ने बनाया उम्मीदवार; आगरा-मथुरा की तस्वीर साफ
आगरा-एटा और मथुरा में भाजपा के क्लीन स्वीप करने के बाद दावेदारों की संख्या बढ़ गई थी। जिसके बाद पार्टी ने शनिवार को कुछ नामों का एलान किया। आगरा में प ...और पढ़ें

एटा, जागरण टीम। भारतीय जनता पार्टी ने स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव के लिए अपने पत्ते खोल दिए। एटा के रहने वाले विधान परिषद के पूर्व सभापति रमेश यादव के पुत्र पूर्व विधायक आशीष यादव को भाजपा का उम्मीदवार घोषित किया है।
दूसरी सीट पर मथुरा के ओमप्रकाश सिंह भाजपा के प्रत्याशी बनाए गए हैं। सपा से वर्तमान एमएलसी टूंडला निवासी उदयवीर सिंह धाकरे और मूल रूप से इटावा के निवासी एवं गाजियाबाद-मेरठ सीट से एमएलसी राकेश यादव उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
आगरा से विजय शिवहरे को बनाया प्रत्याशी
विधान परिषद चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने पुराने कार्यकर्ता विजय शिवहरे को प्रत्याशी घोषित किया है। वह वर्तमान में प्रदेश मंत्री है। इससे पहले वह महानगर अध्यक्ष पद का दायित्व संभाल चुके हैं।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को जब प्रचंड जीत मिली थी और आगरा की सभी सीटों पर विजय प्राप्त की थी तब विजय शिवहरे महानगर अध्यक्ष थे। इससे पहले वह युवा मोर्चा के विभिन्न पदों पर भी रह चुके हैं। विजय शिवहरे के प्रत्याशी बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।
सपा की टिकट पर जीते थे चुनाव
आशीष यादव उर्फ आशू वर्ष 2012 में सपा की टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद 2017 में राष्ट्रीय लोकदल से चुनाव लड़े वे चुनाव हार गए, लेकिन उन्होंने उस समय भाजपा प्रत्याशी की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी, क्योंकि उनकी वजह से सपा को उस समय नुकसान का सामना करना पड़ा था।
भाजपा के दोनों प्रत्याशी 21 मार्च को एटा में अपना पर्चा दाखिल करेंगे। सपा ने गाजियाबाद-मेरठ सीट से एमएलसी राकेश यादव और टूंडला निवासी एमएलसी उदयवीर सिंह धाकरे को प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा में टिकट के लिए थे सबसे अधिक दावेदार
कांग्रेस और बसपा चुनाव में कहीं भी नहीं हैं। भाजपा में टिकट के लिए सबसे अधिक दावेदार थे और लखनऊ, दिल्ली तक जुगत लगाईं जा रहीं थीं, लेकिन अंत में पार्टी नेतृत्व ने आशीष यादव के नाम पर मुहर लगा दी। उनका नाम दावेदारों की सूची में टाप पर चल रहा था।
भाजपा ने इस जिले में यादव पर दांव लगाया है। आशीष यादव को टिकट देकर सपा में यादवों का प्रभुत्व कम करने की रणनीति भाजपा ने साधी हैं। एटा-मथुरा-मैनपुरी-कासगंज को मिला इस प्राधिकारी क्षेत्र में विधान परिषद की दो सीटें आती हैं। यह क्षेत्र यूपी का सबसे बड़ा क्षेत्र है।
मथुरा से पूर्व जिलाध्यक्ष को टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मथुरा-एटा-मैनपुरी स्थानीय प्राधिकरण के लिए ओमप्रकाश सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। वह पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उप्र. विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल करने के बाद अब भाजपा ने विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव जीतने के लिए तैयारी कर रही है। पार्टी ने विधान परिषद चुनाव को मथुरा-एटा-मैनपुरी सीट से ओमप्रकाश सिंह को मैदान में उतारा है।
पूर्व जिलाध्यक्ष रहे हैं
ओमप्रकाश सिंह वर्ष 2009 से 2011 तक जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह दो बार जिले के महामंत्री भी रहे हैं। वर्ष 1993 में वह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वह प्रदेश कार्यकारिणी समिति में सदस्य और भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक हैं। ओमप्रकाश सिंह का कहना है, पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। 21 मार्च तक नामांकन होने हैं।
ओमप्रकाश सिंह के एमएलसी प्रत्याशी घोषित होने पर सांसद हेमामालिनी, निवर्तमान ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, निवर्तमान कैबिनेट मंत्री चौधरी लख्मीनारायण, विधायक राजेश चौधरी, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, नारायणदास अग्रवाल, तेजवीर सिंह, रविकांत गर्ग, प्रदीप गोस्वामी, मदनमोहन श्रीवास्तव हर्ष व्यक्त किया है।
यह मतदाता करेंगे मतदान
विधान परिषद सदस्य के चुनाव में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका व नगर पंचायतों के सभासद, सांसद, विधायक, नगर पालिका व नगर पंचायतों के चेयरमैन मतदान करेंगे।
जिला पुरुष मतदाता महिला मतदाता कुल मतदाता
एटा 811 718 1529
मथुरा 952 645 1597
मैनपुरी 841 645 1486
कासगंज 661 534 1195
कुल योग 3265 2542 5807

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।