विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एमएलसी चुनाव में भाजपा का दबदबा, आशीष यादव और ओमप्रकाश सिंह निर्विरोध चुने, एटा में मिला जीत का प्रमाण पत्र

By Abhishek SaxenaEdited By:
Published: Thu, 24 Mar 2022 04:10 PM (IST)

Mlc Election 2022 स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र विधान परिषद सदस्य एटा-मैनपुरी-मथुरा-कासगंज क्षेत्र की दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आशीष यादव और ...और पढ़ें

जीत का प्रमाण पत्र लेते नवनिर्वाचित एमएलसी
जीत का प्रमाण पत्र लेते नवनिर्वाचित एमएलसी

एटा, जागरण टीम। एटा-मथुरा-मैनपुरी-कासगंज स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र विधान परिषद सदस्य चुनाव में दोनों सीटों पर भाजपा के आशीष यादव और आेमप्रकाश सिंह निर्विरोध एमएलसी चुन लिए गए। दोनों प्रत्याशियों को रिटर्निंग आफीसर अंकित अग्रवाल ने प्रमाण पत्र दिए। जीत के बाद प्रत्याशियों ने कहा कि वे सेवाभाव और बिना किसी भेदभाव के काम करेंगे।

जीत का प्रमाण पत्र लिया

भाजपा प्रत्याशी पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ 3 बजे कलक्ट्रेट पर पहुंचे, जहां रिटर्निंग आफीसर एवं जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने दोनों प्रत्याशियों को जीत के प्रमाण पत्र देते हुए बधाई दी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। कलक्ट्रेट पर भाजपाइयों में उत्साह का माहौल था। दरअसल भाजपा प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत सपा उम्मीदवारों राकेश यादव और उदयवीर सिंह धाकरे के पर्चे खारिज होने के बाद ही सुनिश्चित हो गई थी, सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी थी। रिटर्निंग आफीसर ने दोनों प्रत्याशियों के चुने जाने की घोषणा भी की।

पार्टी ने मुझे जनसेवा करने का मौका दिया है, कार्यकर्ताओं की भावना और पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। - आशीष यादव, नवनिर्वाचित एमएलसी

मोदी-योगी की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे और सबका साथ, सबका विश्वास की भावना के साथ काम करते हुए जन अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे - ओमप्रकाश सिंह, नवनिर्वाचित एमएलसी 

सपा की टिकट पर जीते थे चुनाव

आशीष यादव उर्फ आशू वर्ष 2012 में सपा की टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद 2017 में राष्ट्रीय लोकदल से चुनाव लड़े वे चुनाव हार गए, लेकिन उन्होंने उस समय भाजपा प्रत्याशी की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी, क्योंकि उनकी वजह से सपा को उस समय नुकसान का सामना करना पड़ा था।

पूर्व जिलाध्यक्ष रहे हैं

ओमप्रकाश सिंह वर्ष 2009 से 2011 तक जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह दो बार जिले के महामंत्री भी रहे हैं। वर्ष 1993 में वह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वह प्रदेश कार्यकारिणी समिति में सदस्य और भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के सह संयोजक हैं।