Weather Update: मैनपुरी में तापमान पहुंचा 44 डिग्री सेल्सियस, दिन के साथ अब रात भी होने लगी गर्म
Weather Update बढ़ता तापमान सभी को बेहाल कर रहा है। जून के महीने में लू चलने से बीमारियां भी बढ़ रही हैं। सूरज की तपिश और बढ़ने से शरीर को लू झुलसाने लगी हैअधिकतम और न्यूनतम तापमान में अब केवल 14 डिग्री सेल्सियस की दूरी

आगरा, जागरण टीम। मैनपुरी में मौसम एक बार फिर से लोगों को बेहाल कर रहा है। दिन और रात के तापमान में केवल 14 कदम का अंतर रह गया है। ऐसे तापमान की वजह से अब दिन के साथ रात भी गर्म होने लगीं हैं। सूरज की तपिश लगातार बढ़ने से लू के कारण नागरिक घरों से बाहर निकलने में कतरा रहे हैं। दोपहर में चहल-पहल कम हो रही है।
तापमान पहुंचा 44 डिग्री
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा पहुंचा। गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और लू के कारण नागरिक घरों से निकलने से कतरा रहे है। जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे है। दोपहर में तेज धूप और गर्म हवा के कारण नगर की गली, मुख्य मार्ग और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो रही है। शाम को धूप कम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे है।
गर्मी में बाहर नहीं निकलें, चिकित्सक दे रहे सलाह
शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में आवाजाही बढ़ रही है। गर्मी अधिक होने के कारण चिकित्सक भी लोगों को धूप में बाहर न निकलने की सलाह दे रहे है। तीन दिनों से अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस है, लेकिन लू के थपेड़ों की वजह से अहसास 46 डिग्री सेल्सियस का हो रहा है। न्यूनतम तापमान भी शुक्रवार को 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। पिछले वर्ष 10 जून को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 21 डिग्री था।
गर्मी की वजह से नागरिक उल्टी, दस्त और बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस सप्ताह तो मौसम के ऐसे हाल से राहत के आसार नहीं हैं।
यह सतर्कता बरतें
पांच से सात लीटर तक पानी पीएं।
- दिन में दो से तीन बार शिकंजी, ओरएस और इलेक्ट्राल भी लें।
- सुबह का खाना शाम को भी खाने से बचें।
- पेय पदार्थों का सेवन अधिक करें, भर पेट खाना खाने से बचें।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।