गोवा की तरह आगरा में मिलेगी रेंटल बाइक, बुलट या एक्टिवा से घूम सकते हैं ताजमहल के अलावा भी बहुत कुछ
हिल स्टेशंस की तरह आगरा में भी शुरू होने जा रही है रेंटल बाइक सेवा। सात वाहनाें का हुआ आरटीओ में पंजीकरण। शासन से हरी झंडी का इंतजार। आगरा के आसपास 50 किलाेमीटर के दायरे में घूमने के लिए हैं बहुत सी जगहें।

आगरा, अम्बुज उपाध्याय। आगरा आ रहे हैं और केवल ताजमहल घूमकर लौट जाएं तो समझिए आप ने बहुत सी जगहें छोड़ दीं। यहां 50 किलोमीटर के दायरे में घूमने के लिए बहुत सी जगहें हैं। सबसे खास बात ये है कि अब हिल स्टेशंस और गोवा की तरह यहां भी रेंटल बाइक सर्विस जल्द ही शुरू होने जा रही है। यानि टैक्सी या दूसरे साधन तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेंट पर बाइक लीजिए और ताजमहल के अलावा चंबल सफारी या मथुरा−वृंदावन के मंदिराें के दर्शन के आनंद लीजिए।
बाइक ऑन रेंट (Bike on Rent)
ताजमहल सहित दूसरी ऐतिहासिक इमारतों के दीदार के लिए अब सिटी बस, टैक्सी, आटो का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जल्द ही रेंटल बाइक (किराये पर बाइक) उपलब्ध होंगी, इसके लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है, जबकि सात वाहन आगरा कार्यालय में पंजीकृत हो चुके हैं। आगरा की कंपनी द्वारा गोवा की तर्ज पर रेंटल बाइक के लिए गत पांच वर्ष से प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए कागजी प्रक्रिया हो चुकी है, सिर्फ राज्य परिवहन प्राधिकरण से स्वीकृति का इंतजार है। कंपनी के स्वामी राहुल कपूर ने बताया कि पर्यटकों को सुविधा देने के लिए ये विचार मन में आया था, जिसके लिए पांच वर्ष पहले शुरुआत की थी। कोराना संक्रमण काल के कारण प्रक्रिया लंबित हो गई, जिसे एक बार फिर पूरा कराने का प्रयास है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के निकट बाइक उपलब्ध रहेंगी, जिसको पर्यटकों को दिया जाएगा।
ये करनी होगी कागजी प्रक्रिया
बाइक देने से पहले पर्यटकाें से कुछ कागजी प्रक्रिया कराई जाएगी। रेंट पर बाइक लेने वाले के पास ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी होगा और उसका पहचान पत्र की प्रति भी ली जाएगी। बुलेट के लिए 1200 रुपये और एक्टिवा के लिए 550 रुपये प्रति 24 घंटे का शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं बुलेट के 100 ुरुपये प्रति घंटा और एक्टिवा के 50 रुपये प्रति घंटा का शुल्क रहेगा। एआरटीओ प्रशासन अनिल सिंह ने बताया कि सात दोपहिया वाहन पंजीकृत हो चुके हैं, जिसमें बुलट और एक्टिवा हैं। आगरा में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। रेंटल बाइक से उनको सुविधा होगी।
ताजमहल के अलावा घूमने के ठिकाने
आगरा किला (Agra Fort)
ताजमहल तो दुनियाभर में मशहूर है ही, इसके अलावा आगरा किला भी बेजोड़ है। यमुना के किनारे पर लाल पत्थर से बने इस किले में वह हिस्सा भी है, जहां शाहजहां को जीवन के आखिरी क्षणाें में कैद रखा गया था। उस हिस्से से शाहजहां ताजमहल को निहारता था। किले का अधिकांश हिस्सा सेना के कब्जे में है लेकिन उसके बावजूद किला देखने लायक है।
फतेहपुरसीकरी (Fatehpur Sikri)
बुलंद दरवाजे (Buland Darwaja) के लिए फतेहपुरसीकरी आगरा से 35 किलोमीटर है। लाल पत्थर से बनी इस मुगलकालीन इमारत में शेख सलीम चिश्ती की दरगाह भी है। जहां की मान्यता है कि यहां धागा मानने से मन्नत पूरी होती है। जब मन्नत पूरी हो जाए तो धागा खाेलने भी आना होता है। फिल्म अभिनेत्री कटरीना कैफ (Katrina Kaif) शादी से पहले अक्सर यहां फिल्म रिलीज होने से पहले मन्नत मांगने आती थीं। इसके अलावा फतेहपुरसीकरी के महल भी देखने लायक है। यहां बैठ कर तानसेन ने संगीत साधना की है।
सिकंदरा (Sikandra)
आगरा में सिकंदरा स्मारक है, ये अकबर का मकबरा है। बीच में फुव्वारे और चाराें तरफ बाग। बाग में हिरन अपनी ओर ध्यान खींचते हैं। इसकी स्थापत्य कला भी देखने लायक है। ये खंभे के स्ट्रक्चर पर बना है। एक खंभे की तरफ मुंह रखकर यदि कुछ बोलाे तो दूसरे खंभाें से आवाज आती है। एक तरह से ये टेलीफोन का काम करते हैं।
चंबल नदी का मनमोहक नजारा।
चंबल सेंचुरी (Chambal Sanctuary)
यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं तो आगरा से 50 किलोमीटर की दूरी पर धाैलपुर है। यहां चंबल सेंचुरी है। चंबल नदी का मनोरम नजारा और उसके बीच बने टापुओं पर मगरमच्छ, घड़ियाल, डॉल्फिन देखे जा सकते हैं। मोटर बोट से नदी के आनंद लिए जा सकते हैं। वहीं आगरा से 40 किलोमीटर पर पिनाहट भी है, यहां से भी चंबल नदी का नजारा ले सकते हैं।
मथुरा−वृंदावन की सैर (Mathura Vrindan)
आगरा से 50 किलोमीटर पर मथुरा है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है। भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का अहसास कराती इस भूमि पर तमाम प्राचीन मंदिर और आश्रम हैं। वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी का प्रसिद्ध मंदिर है तो बरसाना में राधारानी पर्वत पर विराजमान हैं। गोवर्धन में प्रसिद्ध दानघाटी मंदिर है, जहां पर्वतराज गिरिराज की परिक्रमा लगाने लोग दूर दूर से आते हैं। भारतीय ही नहीं भगवान कृष्ण में आस्था रखने वाले विदेशी भक्त यहां नजर आते हैं।
आगरा में होटल्स (Hotels in Agra)
आगरा चूंकि पर्यटन शहर है। यहां पांच सितारा से लेकर बजट क्लास होटल्स हैं। होटल अमर विलास (Hotel Amar Vilas), होटल जेपी पैलेस (Hotel JP Palace), मुगल शेरेटन (Hotel Mughal Shereton), होटल क्लार्क शिराज (Hotel Clarks Shiraj), होलीडे इन (Hotel Holiday Inn) जहां बड़े बजट के होटल्स हैं। वहीं मीडियम और लो बजट में भी होटल्स के ढेराें ऑप्शन उपलब्ध हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।